तमन्ना भाटिया 18 साल से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं और लगभग 67 फिल्मों में अपनी एक्टिंग की छाप छोड़ चुकी हैं। तमन्ना का शुरुआती फिल्मी सफर आसान नहीं रहा। उनकी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ही फ्लॉप रही। फिर काम की तलाश में उन्होंने साउथ सिनेमा का रुख किया। कुछ समय के बाद संघर्ष के बाद वहां तमन्ना ने वो मुकाम हासिल किया, जिसकी वो हकदार थीं।
प्रोफेशनल लाइफ के साथ पर्सनल लाइफ की वजह से भी वो सुर्खियों में बनी रहती हैं। विराट कोहली और पाकिस्तानी क्रिकेटर के साथ रिलेशनशिप की अफवाहें जोरों पर थीं लेकिन तमन्ना ने इन सभी बातों को बेबुनियाद बताया था। वहीं वो इन दिनों विजय वर्मा के साथ डेटिंग की खबरों को लेकर लाइमलाइट में हैं। तमन्ना ने अपने करियर में अधिकतर फिल्में तमिल और तेलुगु में की हैं, इस कारण अधिकतर लोगों का मानना है कि वो मूल रूप से साउथ से हैं। मगर ऐसा नहीं है। तमन्ना की परवरिश और पढ़ाई-लिखाई मुंबई से ही हुई है। तमन्ना 13 साल की उम्र से ही पृथ्वी थिएटर से जुड़ गई थीं, जहां वो स्टेज परफॉर्म भी किया करती थीं।
एक्टिंग के हुनर से उन्होंने कम उम्र में ही पहचान बना ली थी। 2005 में उन्होंने पहली बार एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखा था। 2005 में पहली बार वो अभिजित सावंत के म्यूजिक वीडियो लफ्जों में दिखी थीं। फिर उन्होंने इसी साल हिंदी फिल्म चांद सा रोशन चेहरा से बॉलीवुड डेब्यू किया था। बदकिस्मती से फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई थी। पहले ही फिल्म फ्लॉप हो जाने के बाद तमन्ना के लिए काम पाना मुश्किल हो रहा था। करियर में बड़े बदलाव के लिए उन्होंने साउथ सिनेमा का रुख किया।