रेडियो के जादूगर अमीन सयानी का हार्ट अटैक से निधन, मुंबई में ली अंतिम सांस


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

रेडियो की दुनिया में आवाज़ के जादूगर के रूप में जाने जाने वाले अनुभवी रेडियो प्रजेंटर अमीन सयानी का निधन हो गया है..!!

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बार फिर एक दुखद खबर सामने आ रही है। रेडियो की दुनिया में आवाज़ के जादूगर के रूप में जाने जाने वाले अनुभवी रेडियो प्रजेंटर अमीन सयानी का निधन हो गया है। उन्होंने 91 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर की पुष्टि उनके बेटे रज़िल सयानी ने की।

अमीन सयानी के बेटे रज़ील सयानी उनकी मौत से बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि सयानी को मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत एचएन रिलायंस अस्पताल ले जाया गया। शाम करीब सात बजे उनकी मौत हो गयी।

बिनाका गीत माला से मिली पहचान 

अमीन सयानी देश के पहले रेडियो स्टार थे, जिनका बड़े-बड़े फिल्मी सितारे भी सम्मान करते थे। उन्हें रेडियो सीलोन और बिनाका गीतमाला के प्रस्तोता के तौर पर जाना जाता था।  एक समय था जब आवाज़ के इस जादूगर ने अपने कार्यक्रम 'बिनाका गीत माला' के जरिए नाम और काम कमाया। हालांकि पिछले कुछ समय से सयानी की तबीयत ठीक नहीं थी।

आपको बता दें कि अमीन सयानी का जन्म 21 दिसंबर 1932 को मुंबई में हुआ था। अमीन सयानी ने रेडियो की दुनिया में बड़ा नाम कमाया। उनकी आवाज का जादू लोगों के दिलों में घर कर गया। अमीन सयानी ने अपने करियर की शुरुआत ऑल इंडिया रेडियो, मुंबई से रेडियो प्रजेटर के रूप में की थी। यहां उनका परिचय उनके भाई हामिद सयानी ने कराया। उन्होंने यहां 10 साल तक अंग्रेजी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने भारत में ऑल इंडिया रेडियो को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई।