आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्डा और एक्ट्रेस परिणिति चोपड़ा की हाईप्रोफाइल शादी अब मध्यप्रदेश की सियासी सुर्खियों में भी आ गई है। कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने इस शादी पर होने वाले खर्च पर सवाल उठाकर एक तीर से दो निशाने साधे हैं।
दरअसल लक्ष्मण सिंह चाचौड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। यहां पूर्व विधायक ममता मीणा ने हाल ही में भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा है और कहा जा रहा है कि वे चाचौड़ा से आम आदमी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी।
ऐसे में लक्ष्मण सिंह ने राघव परिणिति की शादी के बहाने आम आदमी पार्टी की रीति नीति पर सवाल उठाए हैं। विधायक लक्ष्मण सिंह ने सवाल उठाया कि राघव चड्डा और परिणिति चोपड़ा की शादी में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविन्द केजरीवाल को बताना चाहिए कि यह यह कालाधन कहां से आ रहा है?
विधायक लक्ष्मण सिंह ने आगे कहा कि उदयपुर के जिस होटल में राघव-परिणीति शादी कर रहे हैं, वहां के एक कमरे का किराया 30 से 40 हजार रुपए प्रतिदिन है। आम आदमी पार्टी के पास इतना पैसा कहां से आया? अरविंद केजरीवाल भी शादी अटेंड करेंगे। इसलिए उन्हें जवाब देना चाहिए।
लक्ष्मण सिंह का यह बयान अहम दिख रहा है। उन्होंने सिर्फ अरविन्द केजरीवाल ही नहीं बल्कि ममता मीणा को भी टारगेट पर ले लिया। जिनका आप के टिकट पर लड़ना तय माना जा रहा है। ममता मीणा ने हाल ही में दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के सामने आप की सदस्यता ली है।
चाचौड़ा सीट पर BJP ने प्रियंका मीणा को उम्मीदवार घोषित किया है। इस सीट पर वर्तमान में कांग्रेस से विधायक लक्ष्मण सिंह हैं। हालंकि कांग्रेस ने अभी सूची जारी नहीं की है पर लक्ष्मण सिंह का यहाँ चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। ऐसे में लक्ष्मण सिंह का यह बयान उनके विधानसभा क्षेत्र में चुनाव की दृष्टि से सोची समझी रणनीति माना जा रहा है।