उदयपुर पहुंचे राघव-परिणीति, चार CM समेत ये सेलेब्रिटी जलसे में होंगे शामिल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

झीलों की नगरी उदयपुर के 5 स्टार होटल लीला पैलेस में शादी की रस्में शनिवार से शुरु हो रही हैं..!

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। झीलों की नगरी उदयपुर के 5 स्टार होटल लीला पैलेस में शादी की रस्में शनिवार से शुरु हो रही हैं। इसी के चलते राघव-परिणीति शुक्रवार को उदयपुर पहुंच गए।

दोनों की सुरक्षा के लिए यहां राजस्थान पुलिस के साथ-साथ पंजाब से बॉडी गार्ड भी तैनात किए गए। इसके अलावा 100 से ज्यादा प्राइवेट गार्ड भी नियुक्त किये गये हैं।

राघव-परिणीति की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान शनिवार शाम को उदयपुर पहुंचेंगे। केजरीवाल लेक पैलेस में रुकेंगे और शादी समारोह में शामिल होंगे। वे 25 सितम्बर को प्रातः 11.45 बजे उदयपुर से दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे।

इसके अलावा 24 सितंबर को शादी समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल होंगे। शादी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य नेता भी शामिल हो सकते हैं।

इसमें परिणीति चोपड़ा की बड़ी बहन एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनास के अलावा कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के शामिल होने की उम्मीद है। शादी में करण जौहर, टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा, डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी शामिल होंगे।

राघव की बारात होटल ताज लेक पैलेस से वोट के जरिए होटल लीला पहुंचेगी। इस शाही शादी के लिए पूरी सजावट व्हाइट थीम पर होगी। होटल को सजाने के लिए दिल्ली और कोलकाता से विशेष फूल मंगवाए गए हैं।

23 सितंबर 2023 को चूड़ा समारोह के बाद दोपहर में लीला पैलेस में मेहमानों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई है। उसी शाम 90 के दशक की थीम पर एक संगीत समारोह होगा। 90 के दशक के गानों से शाम सजेगी।

होटल सूत्रों के मुताबिक, शादी की तैयारियों के साथ कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो लीक न हों, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। होटल में आने वाले लोगों के मोबाइल कैमरे पर नीला टेप चिपका दिया जाएगा, ताकि वे शादी समारोह के दौरान कोई वीडियो-फोटो न ले सकें।

कहा जा रहा है कि इस शादी की गोपनीयता बनाए रखने पर भी सहमति बनी है। ऐसे में होटल की पूरी सुरक्षा व्यवस्था भी बदल दी गई है। अगर स्टाफ के अलावा कोई भी होटल में प्रवेश करता है तो उसकी पूरी तरह से स्कैनिंग की जाएगी।

सुरक्षा का इतना ख्याल रखा जा रहा है कि होटल स्टाफ या कर्मचारियों को भी बिना कार्ड के अंदर जाने की इजाजत नहीं है। इन सभी कार्डों को एक विशिष्ट नंबर दिया गया है। स्कैनिंग के बाद ही होटल में प्रवेश दिया जा रहा है।