विक्की कौशल की आने वाली फिल्म 'सेम बहादुर' आजकल सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में विक्की फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। विक्की ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि सैम बहादुर का किरदार निभाना उनकी जिंदगी का अब तक का सबसे मुश्किल किरदार रहा है।
यह फिल्म 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बता दें, ये पहली बार नहीं है जब मेघना गुलजार और विक्की कौशल साथ काम कर रहे हैं। साल 2018 में रिलीज हुई राजी में भी दोनों ने साथ काम किया था।
सैम बहादुर और राजी की तुलना करते हुआ मेघना गुलजार ने कहा, राजी फिल्म में आलिया भट्ट ने एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया था। जिसकी शादी एक पाकिस्तानी सेना अधिकारी से हो जाती है। मुझे आलिया भट्ट के किरदार से बहुत सहानुभूति है। उसके किरदार में ग्रे शेड्स भी थे। वहीं सैम बहादुर में किसी को खलनायक बनाने की कोई गुंजाइश नहीं है। यह वह कहानी नहीं है। इसमें ग्रे शेड्स नहीं हैं। सैम मानेकशॉ ने अपनी जिंदगी में ऐसा कभी नहीं किया और इसलिए मैं उनकी फिल्म में ऐसा कुछ नहीं दिखा सकती।
मेघना ने आगे कहा, सैम मानेकशॉ ने दुश्मनों का अपमान किए बिना हमारे देश की रक्षा की। उन्होंने हमारे 93,0000 युद्धबंधियों के साथ सम्मानीय व्यवहार किया। उनके साथ मानवता और सम्मान का वैसा ही व्यवहार किया जो एक सैनिक के लिए सही और उचित होता है। मेघना गुलजार की 2018 में रिलीज हुई राजी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।