पश्चिम बंगाल में सेकेंड फेज की 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होना था, लेकिन सुबह 5.30 बजे से ही लोग बूथों पर पहुंचने लगे थे। ज्यादातर बूथों पर महिलाओं की लंबी लाइन लगी है।
सेकेंड फेज के चुनाव में सबसे कड़ा मुकाबला भवानीपुर सीट पर होने वाला है। यह सीएम ममता बनर्जी की परंपरागत सीट है। ममता के खिलाफ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। सुवेंदु 2021 में ममता को नंदीग्राम से हरा चुके हैं।
2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने इन 142 में 123 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पहले फेज की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को रिकॉर्ड 93% मतदान हुआ था। 4 मई को चुनाव के रिजल्ट आएंगे।
दूसरे फेज में 1448 उम्मीदवार, 3.2 करोड़ वोटर्स
पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में 210 जनरल सीटें हैं। 68 सीटें एससी और 10 सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं। कुल 6.8 करोड़ वोटर्स हैं। पहली बार वोट डालने वाले लोगों की संख्या पांच लाख से ज्यादा है। वहीं 3.79 लाख वोटर्स 85 से ज्यादा उम्र के हैं।
Ñदूसरे फेज में कुल 1448 उम्मीदवारों में 220 महिलाएं शामिल हैं। कुल 3 करोड़ 21 लाख वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। हुगली जिले के चिनसुरा में सबसे ज्यादा 2,75,715 मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता नॉर्थ 24 परगना के भाटपाड़ा में हैं, जहां 1,17,195 वोटर हैं।
इस फेज के लिए केंद्रीय बलों की कुल 2,321 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 142 जनरल आॅब्जर्वर, 95 पुलिस आॅब्जर्वर और 100 एक्सपेंडिचर आॅब्जर्वर भी तैनात हैं। कुल मिलाकर 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से 14,218 शहरी और 25,083 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।
अभिषेक बनर्जी बोले- भाजपा को 50 से कम सीटें मिलेंगी
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा ने 2021 में कहा था कि हर बार टीएमसी का क्लीन स्वीप करेगी। लेकिन जब भी चुनाव के नतीजे आए, तो उल्टा हुआ। इसलिए यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप जाकर भाजपा नेताओं से पूछें कि हर बार जब उन्होंने कुछ भविष्यवाणी की है, तो आखिरकार वह टीएमसी के पक्ष में ही गई है।
अमित शाह ने कहा था कि उन्हें 2021 में 200 सीटें मिलेंगी लेकिन टीएमसी 200 सीटों को पार कर गई। उन्होंने कहा था कि उन्हें लोकसभा में बंगाल में 30 सीटें मिलेंगी, टीएमसी को 29 सीटें मिलीं। इस बार वे 177 कह रहे हैं, इसलिए उनके ट्रैक रिकॉर्ड के हिसाब से वे 50 से नीचे चले जाएंगे।
पुराण डेस्क