भगोड़े माल्या और ललित मोदी की डांस मस्ती, लंदन में पार्टी करते दिखे दोनों


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

विजय माल्या और ललित मोदी का लंदन में मस्ती करते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है, दोनों भगोड़े एक पार्टी में गाना गाते नजर आए जिसमें क्रिस गेल भी मौजूद रहे..!!

भारत से भागकर लंदन पहुंचे विजय माल्या और ललित मोदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों साथ में गाना गाते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं। भारत का हजारों करोड़ रुपये लेकर भागे ये लोग विदेश में आलीशान जिंदगी जी रहे हैं। 

वायरल हो रहा यह वीडियो लंदन का बताया जा रहा है और इस पार्टी में दुनियाभर से सिर्फ 300 चुनिंदा लोगों को बुलाया गया था। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल का नाम भी शामिल है।

ललित मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ललित मोदी और विजय माल्या फ्रैंक सिनात्रा का गाना 'आई डिड इट माई वे' गाते नजर आए।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व स्टार क्रिकेटर क्रिस गेल ने भी पार्टी से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। गेल ने ललित मोदी और विजय माल्या के साथ एक फोटो शेयर की है और लिखा है, “हम खूब मस्ती कर रहे हैं। शानदार शाम के लिए शुक्रिया।”

ललित मोदी और विजय माल्या विदेश में बस गए हैं और आलीशान जिंदगी जी रहे हैं। दोनों ही भारत से अभी तक फरार हैं और दोनों के मामले अभी भी कोर्ट में हैं। विजय माल्या को भारत ने 2019 में भगोड़ा घोषित किया था। माल्या पर 9,000 करोड़ रुपये के लोन डिफॉल्ट करने का आरोप है। हालांकि, माल्या ने पहली बार इन आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ी और एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि बैंकों ने उनसे करीब 14,000 करोड़ रुपये वसूले हैं।

ललित मोदी पर सैकड़ों करोड़ रुपये के गबन का आरोप है। यह पूरा मामला 2009 में साउथ अफ्रीका में हुए आईपीएल से जुड़ा है। उस दौरान ईडी ने ललित मोदी पर आईपीएल को शिफ्ट करने के लिए पैसों का लेन-देन करने का आरोप लगाया था। जिसके लिए ईडी ने ललित मोदी पर 10.65 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया था।