अलविदा मनमोहन सिंह ,सेना की तोप गाड़ी से निगमबोध घाट लाया गया पार्थिव शरीर, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विदाई


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हिस्सा लिया..!!

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। उनका पार्थिव शरीर निगमबोध घाट पहुंच गया है। पार्थिव शरीर को सेना की तोप गाड़ी में रखा गया। राहुल गांधी शव के साथ गाड़ी में बैठे। घाट पर मनमोहन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हिस्सा लिया। पूर्व पीएम मनमोहन की तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी उपिंदर सिंह 65 साल की हैं, उनके दो बेटे हैं। दूसरी बेटी दमन सिंह का एक बेटा है। तीसरी बेटी अमृत सिंह 58 साल की हैं।

इससे पहले पूर्व पीएम का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। डॉ. सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने कांग्रेस मुख्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, सोनिया और प्रियंका के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं ने मनमोहन को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

निगमबोध घाट पर मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। केसी वेणुगोपाल ने कहा- पूर्व पीएम का स्मारक बनाने के लिए सरकार जमीन तक नहीं ढूंढ पाई। यह देश के पहले सिख पीएम का अपमान है।

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी-शाह से मांग की थी कि जिस जगह पर मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार किया गया था, उसी जगह पर एक स्मारक बनाया जाए। हालांकि, गृह मंत्रालय ने कल देर रात कहा कि स्मारक का सटीक स्थान निर्धारित करने में कुछ दिन लग सकते हैं।

डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। वह काफी समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8.06 बजे दिल्ली एम्स लाया गया। अस्पताल के बुलेटिन के मुताबिक, उन्होंने रात 9:51 बजे अंतिम सांस ली।

उनके निधन पर केंद्र सरकार ने 7 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। गुरुवार देर रात बेलगावी से दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खडगे सीधे मनमोहन सिंह के घर पहुंचे।  राहुल ने एक्स पर लिखा- मैंने अपना गुरु और गुरु खो दिया है। कांग्रेस ने 3 जनवरी तक सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।