राजनीति की दूसरी पारी खेलेंगे गोविंदा, चुनावी मैदान में टीवी के राम भी!


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

लोकसभा चुनाव में दिख सकते हैं रुपहले परदे के दिग्गज कलाकार..!!

अभिनेता गोविंदा एक बार फिर राजनीतिक पारी का आगाज करने वाले हैं। खबरें है कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की है। इससे पहले प्रिया दत्त के भी कांग्रेस के बजाए शिंदे की शिवसेना से जुड़ने की खबरें आ चुकी हैं। इस मुलाकात के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। वहीं टीवी के राम यानी अरुण गोविल भी चुनावी मैदान में नज़र आ सकते हैं। 

शिवसेना सूत्रों का कहना है कि गोविंदा पार्टी में शामिल हो सकते हैं। गोविंदा 2004 में कांग्रेस की टिकट पर भाजपा के दिग्गज नेता राम नाईक के खिलाफ उतरे थे। उन्होंने मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से उन्हें हरा दिया था उसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। अब वह मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। उनका सामना शिवसेना (उद्भव गुट) के अमोल कीर्तीकर से होगा।

इधर मेरठ लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में खींचतान बनी हुई है। खबर है कि भारतीय जनता पार्टी इस बार के चुनाव में टीवी पर राम का किरदार निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल या कवि, कुमार विश्वास को भी चुनावी मैदान में उतार सकती है। दोनों के लिए यूपी की दो सीटों पर चर्चा चल रही है।