Indore: रंगपंचमी की धूम, इंदौर की गेर देखने छतों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

Indore:आठ मार्च को निकलने वाली इस गेर के लिए गजब का उत्साह है,यहां तक कि इस बार भी  गेर के मार्गों की छतों की ऑनलाइन बुकिंग होना शुरू हो गई है, इस बार भी करीब दो सौ से ज्यादा छतों के लिए ऑनलाइन टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं..!!

Indore: एक बार फिर इंदौर का आसमान गेर के दौरान रंगों से सराबोर होने जा रहा है। आठ मार्च को निकलने वाली इस गेर के लिए गजब का उत्साह है। यहां तक कि इस बार भी  गेर के मार्गों की छतों की ऑनलाइन बुकिंग होना शुरू हो गई है। इस बार भी करीब दो सौ से ज्यादा छतों के लिए ऑनलाइन टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रशासन ने पिछले साल भी यह व्यवस्था की थी, जो काफी सफल रही थी। 

इस बार 8 मार्च को रविवार होने के कारण प्रशासन ने अलग से छुट्टी घोषित नहीं की है। रविवार होने की वजह से इस बार गेर में और अधिक भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है। करीब चार किलोमीटर लंबे गेर मार्ग पर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिजली के तार और केबल हटाए जा रहे हैं, साथ ही सड़कों की मरम्मत का काम भी किया जा रहा है।

शीतला माता बाजार से लेकर गौराकुंड और खजूरी मार्केट तक की छतों से लोग गेर की रौनक देख सकेंगे। हर साल इस आयोजन को देखने के लिए दूसरे शहरों से भी बड़ी संख्या में लोग इंदौर पहुंचते हैं। जिनके घर गेर के मार्ग पर पड़ते हैं, वहां अब छोटी-छोटी पार्टियों का भी आयोजन होने लगा है, जहां लोग अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बुलाकर रंगपंचमी का उत्सव मनाते हैं। 

परंपरा के अनुसार इस बार भी चार गेर इस जुलूस का हिस्सा होंगी। लगभग 100 फीट तक रंग फेंकने वाली विशेष रंग मिसाइलें भी तैयार की जा रही हैं। इसके अलावा डीजे और भजन मंडलियां भी गेर में शामिल होंगी। नगर निगम की गेर भी इस जुलूस का हिस्सा रहेगी, हालांकि शहर में हाल ही में हुई कुछ घटनाओं के कारण मेयर पुष्यमित्र भार्गव इस बार गेर में शामिल नहीं होंगे।