एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में आज फिर से बढ़ोतरी हो गई। तेल कंपनियों ने घरों में उपयोग किए जाने वाले गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ा दिए। अब दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1003 रुपए से बढाकर 1,053 रुपये हो गई वहीं भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1050 के पार पहुँच गई है।  

वहीं 5 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में भी 18 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोत्तरी की गई है,जबकि 19 किलो वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमतों में 8.50 रुपये की कमी की गई है।

कीमतों में बढ़ोतरी के बाद, मुंबई में अब एक सिलेंडर की कीमत 1,052.50 रुपये, कोलकाता में 1,079 रुपये होगी। वहीं, चेन्नई वासियों को एक सिलेंडर के लिए 1,068.50 रुपये देने होंगे। इंदौर में 1081, गोरखपुर में 1062, कोलकाता में 1,079 रुपये, लखनऊ में 1091,जयपुर में 1057,पटना में 1143, अहमदाबाद में 1060,पुणे में 1056, आगरा  में 1066 रुपए का भुगतान करना होगा।

घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में पिछली बार 19 मई 2022 को 4 रुपये की वृद्धि की गई थी। इससे पहले 7 मई को 50 रुपये का इज़ाफ़ा किया गया था। इसके अलावा, 22 मार्च को भी, सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। 

इससे पहले अक्टूबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच दिल्ली में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम 899.50 रुपये थे। यानि पिछले 6 महीनों में घरेलू गैस की कीमतों में लगभग 150 रुपए की वृद्धि हुई है।

इसका सब का सबसे ज़्यादा असर आम आदमी की ही जेब पर पड़ता है। बार-बार घरेलू गैस की क़ीमतें बढाए जाने से मिडिल क्लास का तो घर का बजट ही गड़बड़ा जाता है। कीमत चाहे जो भी हो जाए घरेलू गैस के बिना तो गुज़ारा संभव ही नहीं है।