दिल्ली एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट LH 772 की बुधवार को एमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। लुफ्थांसा एयरलाइंस की यह फ्लाइट बैंकॉक से जर्मनी के म्युनिख जा रही थी। इमरजेंसी लैंडिंग जिस वजह से कराई गई उसने सभी को हैरान कर दिया।
दरअसल विमान में मौजूद एक पति पत्नी का झगड़ा इतना बढ़ गया कि फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ गई। पति-पत्नी के बीच झगड़ा किस बात पर हुआ इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि फ्लाइट क्रू ने पहले पाकिस्तान में लैंडिंग की इजाजत मांगी, लेकिन पाकिस्तान अथॉरिटी ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया।
वहीं दिल्ली एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले बहस हो रही थी, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने फ्लाइट डायवर्ट करने का फैसला लिया।
फ्लाइट में लड़ रहे व्यक्ति को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारकर सिक्योरिटी के हवाले कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्लाइट में झगड़ा कर रहा शख्स नशे की हालत में था। विमान में मौजूद बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं।