आस्ट्रियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलेन को कुत्ते ने काट लिया मगर अलेक्जेंडर को काटने वाला कुत्ता भी कोई सामान्य कुत्ता नहीं बल्कि माल्दोवा की राष्ट्रपति माइया संदू का पालतू था। राष्ट्रपति जब माल्दोवा की यात्रा पर आए तो उनके साथ यह हादसा हो गया। खबरों के मुताबिक आस्ट्रियाई राष्ट्रपति माल्दोवा की अपनी समकक्ष के साथ थे वह दोनों ही राष्ट्रपति भवन प्रांगण में टहल रहे थे। इस दौरान अलेक्जेंडर को संदू का कुत्ता दिखा। वह दूर से उनको घूर रहा था। उनको वह काफी प्यारा लगा। वह उस कुत्ते को सहलाने के लिए आगे बढ़े।
उन्होंने उसकी पीठ सहलाना शुरू किया, तभी कुत्ते ने उनके हाथ पर काट लिया। संदू ने तुरंत अलेक्जेंडर से माफी मांग ली। उसके बाद माल्दोवा संसद अध्यक्ष के साथ अपनी अगली बैठक में अलेक्जेंडर हाथ पर पट्टी बांधकर शामिल हुए। अब अलेक्जेंडर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि उन्होंने कुत्ते को माफ कर दिया है। अलेक्जेंडर ने उपहार के रूप में एक खिलौना भी दिया है।