IPL 2024 :एमएस धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ बने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

धोनी ने पिछले ही सीजन चेन्नई को पांचवीं बार आईपीएल जिताया था..!!

आईपीएल 2024 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स ने सभी को चौंकाते हुए नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। बड़ी खबर ये है कि एमएस धोनी ने अचानक कैप्टेंसी छोड़ दी है और अब ऋतुराज गायकवाड़ चेन्नई के नए कप्तान बनाए गए हैं। धोनी ने पिछले ही सीजन चेन्नई को पांचवीं बार आईपीएल जिताया था और अब उन्होंने टीम की कमान गायकवाड़ को सौंप दी है।

धोनी ने न केवल चेन्नई को पांच आईपीएल जीत दिलाई, बल्कि टीम को पांच बार फाइनल में भी पहुंचाया। वह 10 आईपीएल फाइनल खेलने वाले एकमात्र कप्तान हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में चैंपियन बन चुकी है। उन्होंने 2008, 2012, 2013, 2015 और 2019 में टीम को फाइनल तक पहुंचाया।

धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 226 मैच खेले

धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 133 मैच जीते और 91 हारे

धोनी की कप्तानी में जीत का प्रतिशत 59.38 फीसदी रहा

धोनी ने बतौर कप्तान 4660 रन बनाए

धोनी ने बतौर कप्तान 22 अर्धशतक लगाए

एक कप्तान के तौर पर धोनी ने 218 छक्के और 320 चौके लगाए

ऋतुराज गायकवाड़ को चेन्नई सुपर किंग्स का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। आईपीएल शुरू होने से पहले कप्तानों का एक फोटोशूट है जिसमें धोनी की जगह गायकवाड़ पहुंचे। ऋतुराज गायकवाड़ ने चेन्नई के लिए सिर्फ 3 सीजन खेले हैं। उन्होंने 2020 में डेब्यू किया था और पहले सीजन में सिर्फ 6 मैच ही खेल सके थे। लेकिन 2021 में उन्हें पूरा मौका मिला और खिलाड़ी ने एक शतक और 4 अर्धशतक के साथ 635 रन बनाए।

गायकवाड़ ने 2022 में केवल 368 रन बनाए लेकिन पिछले सीजन में गायकवाड़ ने 16 मैचों में 590 रन बनाए और टीम को चैंपियनशिप तक पहुंचाया। गायकवाड़ ने आईपीएल में अब तक 52 मैच खेले हैं और 39 से अधिक की औसत से 1797 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी 135 से ज्यादा है।