Israel-Iran War: ईरान के1000 ठिकानों पर हमला,  30 घंटों में गिराए दो हजार से ज्यादा बम


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

Israel-Iran War: इजराइली सेना के मुताबिक, जंग के पहले 30 घंटों में 2,000 से ज्यादा बम गिराए गए हैं, इस दौरान फाइटर जेट्स ने 700 से ज्यादा उड़ानें भरी हैं, ईरान ने जवाब में इजराइल समेत 9 देशों में अमेरिकी बेस पर हमले किए..!!

Israel-Iran War: इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग का सोमवार 2 मार्च को तीसरा दिन है। अल-जजीरा के मुताबिक, इस दौरान ईरान के 1,000 ठिकानों पर हमला किया गया। इजराइली सेना के मुताबिक, जंग के पहले 30 घंटों में 2,000 से ज्यादा बम गिराए गए हैं। इस दौरान फाइटर जेट्स ने 700 से ज्यादा उड़ानें भरी हैं। ईरान ने जवाब में इजराइल समेत 9 देशों में अमेरिकी बेस पर हमले किए। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि आने वाले दिनों में तेहरान पर हमले और तेज होंगे।

Image

वहीं, रविवार को ईरान के हमले में 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई थी, जबकि 5 घायल हो गए थे। ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर तब तक हमला जारी रखेंगे जब तक वह इन मौतों का बदला नहीं ले लेते।

शनिवार को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले दिन ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इन हमलों में 48 ईरानी नेता मारे गए हैं। ईरान में सत्ता संभालने के लिए फिलहाल तीन लोगों की एक अस्थायी समिति बनाई गई है। इसमें देश के राष्ट्रपति मसूद पजश्कियान, न्यायपालिका के प्रमुख मोहसेनी एजेही और धर्मगुरु अलीरजा अराफी शामिल हैं।

ईरान में 200 की मौत, 740 घायल

इजराइल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया है। इनमें अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 180 छात्राओं की मौत हो गई और 45 घायल हैं।

खामेनेई के बेटे बन सकते हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि देश में एक-दो दिन के भीतर नए सुप्रीम लीडर का चयन हो सकता है। ईरान की सरकारी मीडिया समेत कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके बेटे मुजतबा खामेनेई इस पद पर चुने जा सकते हैं। उन्हें पिछले 2 साल से सुप्रीम लीडर बनाने की तैयारी चल रही थी। खामेनेई ने अपने दूसरे बेटे मुजतबा खामेनेई को साल 2024 में उत्तराधिकारी बनाया था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।