उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के निशात पार्क में शुक्रवार को आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड से हमला किया। इस हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपीओ की मौत हो गई है, जबकि 5 जवान घायल हो गए है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बीच सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
J&K | Terrorists attack a joint party of security forces in Bandipora, 5 persons injured; Details awaited: Jammu & Kashmir Police
— ANI (@ANI) February 11, 2022
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मड़िया को बताया कि, निशात पार्क के निकट आतंकवादियों ने पुलिस पर ग्रेनेड फेंका। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई। वहीं, पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में 2 सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान और 3 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
दरअसल, जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना दोनों ने पिछले कुछ महीनों में आतंकवादियों के खिलाफ आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया है। इस अभियान के बाद से ही आतंकियों के अंदर गुस्सा देखा जा रहा है। आतंकियों ने अब गुप्त हमला करना शुरू कर दिया है। हाल के दिनों में, आतंकवादियों ने पुलिस वाहनों पर हथगोले फेंकना शुरू कर दिया थे। इसके अलावा सुरक्षाबलों के काफिले पर फायरिंग की भी घटना हुई थी। हालांकि भारतीय सेना और पुलिस बल आतंकियों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
दिसंबर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या :
इससे पहले दिसंबर में उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों ने कायराना हरकत की थी। कायरतापूर्ण आतंकी हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने बताया था कि आतंकवादियों ने 10 दिसंबर की शाम को गुलशन चौक पर एक पुलिस दल पर गोलियां चलाईं थी। गोली लगने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हमले के बाद, जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने कहा कि आतंकवादियों का पता लगाया जाएगा और उन्हें इसका जवाब दिया जाएगा।