JharKhand Vidhansabha Election Phase 2 2024: झारखंड में आज 20 नवंबर को दूसरे चरण के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है । पहले चरण में 81 सीटों में से 43 सीटों पर मतदान हो चुका है। बुधवार 20 नवंबर को 38 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इस चरण में कुल 528 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सुबह 5 बजे से ही लोगों में मतदान को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए विभिन्न बूथों पर पहुंचे। दूसरे चरण की 38 सीटों पर वोटिंग के लिए कुल 14 हजार 218 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चरण में चुनाव मैदान में डटे 528 उम्मीदवारों की क़िस्मत का फ़ैसला 1 करोड़ 23 लाख 58 हजार 195 मतदाता करेंगे।
धनबाद विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा अपनी पत्नी के साथ वरीय बुनियादी मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर वोट देने पहुंचे। उन्होंने बूथ संख्या 286 पर अपनी पत्नी के साथ वोट डाला। पोलिंग बूथ से बाहर आने के बाद राज सिन्हा ने कहा कि यह राज्य का चुनाव है और लोगों को अपने राज्य के विकास में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वोट जरूर करना चाहिए. मतदान करना सभी का अधिकार है। हम पहले भी लोगों से धनबाद में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने की अपील करते रहे हैं और आज फिर हम सभी मतदाताओं से अपील कर रहे हैं कि वे अपने घरों से निकलें और ज्यादा से ज्यादा वोट करें। हमने भी राज्य की प्रगति के लिए धनबाद के विकास के लिए वोट किया है।
नाला विधानसभा के विधायक सह झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने पतनपुर के प्राथमिक विद्यालय में अपना वोट डाला। वह अपने परिवार के साथ स्कूल पहुंचे और कतार में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोटिंग के बाद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि लोग काफी जागरूक हैं और अपने अधिकार के लिए वोट कर रहे हैं। यह एक अच्छी चीज है। हमने भी वोट दिया है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
चंदनक्यारी विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी अमर कुमार बावरी भी मतदान केंद्र पहुंचे, कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और फिर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अमर कुमार बावरी अपने पिता और पत्नी के साथ वोट डालने आये. मतदान के बाद उन्होंने अपनी जीत के साथ राज्य में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया।
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरदीप पी. जनार्दन अपनी पत्नी के साथ कला भवन स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि संविधान ने हर नागरिक को अपनी सरकार चुनने का अधिकार दिया है। एसएसपी जनार्दन ने धनबाद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने घरों से निकलें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार ही नहीं कर्तव्य भी है। प्रत्येक वोट मायने रखता है और हमारे क्षेत्र का भविष्य निर्धारित करता है। मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। उन्होंने सभी से शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह धनवार विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह जिले के धनवार विधानसभा अंतर्गत अपने जन्मस्थान कोदाईबांक के मध्य विद्यालय कोदाईबांक के बूथ संख्या 114 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और झारखंडवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में आकर भाग लेने की अपील की।
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 लाइव: झारखंड में दूसरे चरण में रात 9 बजे तक 12.71% मतदान
बोकारो- 12.48%
देवघर- 14.24%
धनबाद- 12.76%
दुमका- 14.48%
गिरिडीह- 12.69%
हज़ारीबाग- 14.02%
जामताड़ा- 14.90%
पाकुड-16.12%
रामगढ-15.87%
रांची-16.00%
साहिबगंज-14.17%