भोपाल. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने अपने पुत्रों का कैरियर संवारने का सपना देख रहे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को बड़ा झटका दिया है. उन्होंने साफ कह दिया कि किसी भी नेता पुत्र को पार्टी का टिकट नहीं मिलेगा। नगरीय निकाय और अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में केंद्रीय संगठन ने जो पॉलिसी बनाई है, उसी हिसाब से टिकट का वितरण होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने बुधवार को अपने भोपाल दौरे पर ये बात कही. भोपाल पहुंचे नड्डा का पार्टी कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने यहां पार्टी नेताओं की बैठक भी ली। बाद में वे जबलपुर रवाना हो गए.

भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय में उन्होंने कहा कि संगठन ने तय किया है कि एक व्यक्ति को एक काम देना है। विधानसभा चुनाव और निकाय चुनाव में भी यह निर्णय लागू होगा। नड्डा ने UP का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कई सांसदों के बेटों ने अच्छा काम किया था और वे टिकट के  दावेदार भी थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया। उन्होंने नेताओं के बेटों को सलाह दी कि वे फिलहाल संगठन के काम में लगे रहें। नड्डा ने यह भी कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं चलेगा.

इतना ही नहीं उन्होंने परिवारवाद की परिभाषा भी समझाई. नड्डा ने कहा कि पिता पार्टी अध्यक्ष, बेटा जनरल सेक्रेटरी, पार्लियामेंट्री बोर्ड में चाचा-ताया-ताई... यही परिवारवाद है। जम्मू कश्मीर​​​​​​ में PDP और नेशनल कांफ्रेंस , हरियाणा में लोकदल, पंजाब में शिरोमणि अकाली दल, यूपी समाजवादी पार्टी , बिहार में राष्ट्रीय जनता दल,महाराष्ट्र में शिवसेना और NCP—ये सब परिवारवाद के रिप्रेजेंटेटिव हैं। यहां पिता के बाद बेटा जगह ले लेता है। भाजपा में ऐसी पॉलिसी नहीं चलेगी।