कवि कुमार विश्वास को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बारे में दिए गए एक बयान के बाद से ही उन्हें धमकी मिल रही है।  जिसके बाद आज गृह मंत्रालय ने यह सुरक्षा मुहैया कराई है।

दरअसल, आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास ने हाल ही में दावा किया था कि अरविंद केजरीवाल ने उनसे कहा था कि एक दिन वह या तो पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर एक स्वतंत्र राष्ट्र (खालिस्तान) के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, विश्वास के हालिया बयान के बाद उन्हें धमकी मिल रही है इसीलिए सुरक्षा दी गई।

बता दें कि कवि कुमार विश्वास का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें वह कह रहे हैं कि सीएम केजरीवाल का सपना पंजाब में सत्ता हासिल करना है। कुमार विश्वास ने यह भी कहा, "सीएम केजरीवाल ने मुझसे कहा था कि मैं पंजाब का मुख्यमंत्री या एक स्वतंत्र देश (खालिस्तान) का प्रधानमंत्री बनना चाहता हूं। कुमार के इस बयान से राजनीतिक बवाल लगातार जारी है।

उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री चंजीत सिंह चन्नी ने प्रधानमंत्री मोदी से कुमार विश्वास के दावे की जांच कराने की मांग की थी। सीएम चन्नी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, "पंजाब के सीएम के रूप में, मैं प्रधानमंत्री मोदी से कुमार विश्वास ने हाल ही में जो कहा है, उसकी निष्पक्ष जांच करने का आग्रह करता हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के लोगों ने राजनीति को किनारे कर अलगाववाद के खिलाफ लड़ाई में भारी कीमत चुकाई है। पीएम को हर पंजाबी की चिंताओं को दूर करने की जरूरत है।

'Y' सीरीज की सुरक्षा क्या है ?

'वाई' श्रेणी की सुरक्षा में 8 कर्मी होते हैं जिनमें 1 या 2 कमांडो और पुलिस कर्मी शामिल हो सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि कुमार विश्वास की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ के जवानों की होगी। कवर के कुछ सुरक्षाकर्मी संरक्षित व्यक्ति के आवास पर तैनात होते हैं, जबकि अन्य तीन शिफ्ट में काम करते हैं।