उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार देर शाम एक दर्जन से ज्यादा लड़कियां और महिलाएं एक कुएं में गिर गईं। अब तक करीब 13 महिलाओं की मौत हो चुकी है, इसमें दो बच्चे भी शामिल है। मौके पर अफरातफरी का माहौल है। स्थानीय अधिकारियों की ओर से राहत कार्य किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र स्थित एक घर में हुई। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि, गांव की महिलाएं और लड़कियां शादी वाले घर के पास बने कुएं पर खड़ी थीं। उस समय शादी की कुछ रस्में चल रही थी। ज्यादा महिलाओं और लड़कियों के खड़े होने के कारण कुएं पर लगी लोहे की छड़ें अचानक टूट गईं, जिससे महिलाएं और लड़कियां कुएं में गिर गईं।

लड़कियों और महिलाओं के कुएं में गिरने के तुरंत बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई और स्थानीय लोगों द्वारा राहत कार्य शुरू किया गया। इस घटना में अब तक 13 महिलाओं और लड़कियों की मौत की खबर सामने आई है। मौके पर पुलिस और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पीएम मोदी ने कुशीनगर त्रासदी पर गहरा दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।

सीएम योगी ने इस घटना पर दुःख जताते हुए कहा कि, जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है। साथ ही सीएम योगी ने हर संभव मदद का भरोषा भी दिया।

मृतक के परिजन को दी जाएगी आर्थिक सहायता :

घटना इतनी भीषण थी कि पूरा गांव दहशत में आ गया। शादी के घर में कोहराम मच गया। गांव से लेकर जिला अस्पताल तक लोगों कि काफ़ी भीड़ नज़र आ रही है। कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसपी ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। वहीं पीड़ित परिवार ने हर संभव मदद देने का भरोसा जताया है। इस घटना को लेकर डीएम एस. राजलिंगम ने कहा कि, नौरंगिया टोला गांव में एक पुराना कुआं था, जो स्लैप से ढका हुआ था। लेकिन कार्यक्रम के दौरान बच्चे और महिलाएं उसके ऊपर बैठे हुए थे, इस दौरान स्लैप टूट गया और मलबा उनके ऊपर गिर गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए आर्थिक सहायता दी जाएगी।

स्लैब टूटने से हुआ हादसा :

परिवार की महिला सदस्यों का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि स्लैब टूट जाएगा। हालांकि जब लोग उस पर चढ़ रहे थे तो वे इस बात से भी इनकार कर रहे थे कि कहीं यह स्लैब टूट न जाये। लेकिन लोग डांस देखने के लिए कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे, उसके बाद यह हादसा हों गया।