आरजेडीसुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है। शुक्रवार सुबह लालू यादव की मौजूदा हालत को लेकर उनकी बेटी मीसा भारती ने बड़ा अपडेट दिया है। मीसा ने बताया है कि उनके पिता की तबियत में काफ़ी सुधार है। अब वे बिस्तर से उठकर बैठ पा रहे हैं और सहारा लेकर खड़े भी हो पा रहे हैं। मीसा ने अपडेट के साथ अपने पिता की ताजा तस्वीरों को भी शेयर किया है।
मीसा भारती ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर बताया कि आप सब की दुआओं और AIIMS दिल्ली की अच्छी चिकित्सीय देख-रेख से आदरणीय लालू प्रसाद जी की तबियत में काफ़ी सुधार है। अब आपके लालू जी बिस्तर से उठकर बैठ पा रहे हैं। सहारा लेकर खड़े हो पा रहे हैं। हर मुसीबत से लड़कर बाहर आने की कला
लालू प्रसाद जी से बेहतर कौन जानता है!
अपने मनोबल और आप सब की दुआओं की बदौलत लालू जी की स्थिति अब काफी बेहतर है। कृपया अफवाहों पर ध्यान ना दें। साथ बनाए रखें, दुआओं में @laluprasadrjd जी को याद रखें।
— Dr. Misa Bharti (@MisaBharti) July 8, 2022
धन्यवाद।
तस्वीरें आज सुबह की: pic.twitter.com/RvcEbqcJRB
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव की गंभीर अवस्था को देखते हुए बुधवार की रात उन्हें एयर एंबुलेंस से पटना से दिल्ली लाया गया था। दिल्ली पहुंचने के बाद लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने बताया था की कि उनके पिता की बॉडी में मूवमेंट नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि एम्स में पहले भी लालू यादव का लंबे समय तक इलाज हुआ है, इसलिए एम्स के डॉक्टर उनके पिता की बीमारियों के बारे में अवगत हैं।
इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना के हॉस्पिटल में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी। लालू प्रसाद रविवार को पटना स्थित राबड़ी आवास में सीढ़ी से गिर गए थे। उनके कमर और कंधे में चोट लगी है और दाएं कंधे में माइनर फ्रैक्चर है। तब डॉक्टर ने उन्हें घर पर ही आराम करने की सलाह दी थी। रात में तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद सोमवार सुबह उन्हें पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया।