सलमान खान को मिले धमकी भरे पत्र के सिलसिले में लॉरेंस बिश्नोई से तिहाड़ जेल में पूछताछ की गई। लॉरेंस बिश्नोई ने स्पष्ट किया है कि धमकी भरा पत्र भेजने में उसका कोई हाथ नहीं था। लॉरेंस ने कहा कि उसने पहले सलमान को मारने की साजिश ज़रूर रची थी लेकिन इस बार उसे धमकी देने में उसका कोई हाथ नहीं था।

आपको बता दें कि पिछले हफ्ते एक पत्र सामने आया था, जिसमें सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसमें लिखा था कि सिद्धू मूसेवाला की तरह ही आप दोनों को भी मारा जाएगा। इसके बाद मुंबई से लेकर दिल्ली तक पुलिस को अलर्ट किया गया।

पत्र मिलने के बाद से ही गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से दिल्ली पुलिस ने तिहाड़ जेल में पूछताछ शुरू कर दी है। उससे सलमान के घर के बाहर मिले धमकी भरे पत्र के बारे में पूछताछ की गई। लॉरेंस ने कहा कि पत्र में उसका कोई हाथ नहीं है। लॉरेंस ने बताया कि उसे नहीं पता कि धमकी किसने दी।

पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस ने पूछताछ में कहा कि उसने सलमान खान को पहले मारने की साजिश ज़रूर रची थी लेकिन इस बार इसमें उसका हाथ नहीं है।

सलमान को मिले धमकी भरे पत्र में L.B (लॉरेंस बिश्नोई) और G.B (गोल्डी बरार) कोड वर्ड का बार-बार इस्तमाल किया गया है। लॉरेंस ने कहा है कि गोल्डी की सलमान से कोई दुश्मनी नहीं है। लेकिन अब पुलिस ने इन दो कोड वर्ड के आधार पर जाचं शुरू कर दी है। 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, संभव है कि किसी ने उनके नाम का मजाक उड़ाया हो या फिर यह किसी दूसरे गिरोह का काम भी हो सकता है। 

उधर, महाराष्ट्र में भी मामले की जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त विश्वास पाटिल ने भी महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल से मुलाकात की। पुलिस का कहना है कि धमकी भरा पत्र भेजने से पहले रेकी की गई थी। चिट्ठी के पीछे बिश्नोई गैंग का हाथ होने का शक है। मुंबई पुलिस ने कल बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान का बयान भी दर्ज कर लिया है।  

मूसेवाला मामले की जांच से जुड़ा एक और अपडेट सामने आया है। मानसा जिले के बार एसोसिएशन का कहा है कि सिद्धू की हत्या मामले में उनके परिवार की तरफ से केस वकीलों का एक पैनल नि:शुल्क लड़ेगा। इसलिए कोई भी वकील आरोपी की ओर से केस नहीं लड़ेगा।