Lok Sabha Election Result 2024: बॉलीवुड की 'क्वीन' कही जाने वाली कंगना रनौत अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने के बाद एक्ट्रेस ने इस साल लोकसभा चुनाव से राजनीति में कदम रखा। कंगना ने बीजेपी के टिकट पर हिमाचल प्रदेश के मंडी से चुनाव लड़ा और बड़ी जीत हासिल की।
आपको बता दें कि कंगना ने कहा था कि अगर वह चुनाव जीत गयी तो बॉलीवुड छोड़ देंगी। कंगना रनौत ने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह को हराया..
देश की 543 लोकसभा सीटों के लिए सात चरणों में चुनाव हुए। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल और आखिरी चरण का मतदान 1 जून को हुआ था। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत भी इस बार बीजेपी के टिकट पर हिमाचल प्रदेश के मंडी से चुनाव लड़ीं।
कंगना कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह, छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और मंडी से मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह के खिलाफ मैदान में थीं। कंगना राजनीति में भी क्वीन साबित हुईं और उन्होंने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह को भारी मतों से हराया। कंगना विक्रमादित्य से 73703 वोटों से आगे हैं। इस जीत के बाद कंगना खुशी से फूली नहीं समा रही हैं।
चुनाव में मिली जीत को लेकर कंगना रनौत ने पोस्ट कर अपना आभार जताया है। उन्होंने लिखा- इस प्यार और विश्वास के लिए मंडी के लोगों को धन्यवाद। ये जीत आप सभी की है, सनातन की है, प्रधानमंत्री मोदी जी और भाजपा पर विश्वास है। कंगना को बधाई देने वालों का तांता लग गया है।
मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली कंगना ने 12वीं में फेल होने के बाद अभिनेत्री बनने के लिए 17 साल की उम्र में घर छोड़ दिया था। इसके बाद कंगना ने दिल्ली में मॉडलिंग शुरू की और फिर मुंबई पहुंच गईं। कई संघर्षों के बाद, कंगना रनौत ने 2006 में फिल्म गैंगस्टर से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की।
एक्ट्रेस की ये फिल्म ब्लॉकबस्टर रही और उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने तनु वेड्स मनु, फैशन और क्वीन जैसी फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवाया और बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस बन गईं। कंगना रनौत को 2021 में तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद द्वारा पद्म श्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।