Loksabha Election 2024: प्रियंका गांधी और राहुल गांधी नहीं लड़ेंगे रायबरेली और अमेठी से चुनाव, ये है बड़ी वजह


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

Loksabha Election 2024: अटकलें थीं कि राहुल गांधी वायनाड के साथ-साथ अमेठी से भी चुनाव लड़ सकते हैं, इसके अलावा यह भी चर्चा थी कि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी..!!

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी अमेठी और रायबरेली से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी देश भर में पार्टी के प्रचार अभियान को संभालने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। साथ ही राहुल गांधी का कहना है कि वह सिर्फ वायनाड से चुनाव लड़ना चाहते हैं।

कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि राहुल गांधी इस बार भी अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं, जबकि प्रियंका को उनकी मां सोनिया गांधी की सीट रायबरेली से टिकट दिया जा सकता है। यह प्रस्ताव भी यूपी कांग्रेस की ओर से पार्टी को भेजा गया था। इसके बाद कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में इस पर चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने राहुल गांधी को अमेठी और प्रियंका गांधी को रायबरेली से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया। लेकिन दोनों नेताओं ने इन सीटों से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।

2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने दो सीटों केरल के वायनाड और यूपी के अमेठी से चुनाव लड़ा था। जबकि सोनिया गांधी ने यूपी की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ा था। राहुल को कांग्रेस के गढ़ अमेठी में स्मृति ईरानी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। जबकि सोनिया रायबरेली से भारी मतों से चुनाव जीतीं। इस बार सोनिया राजस्थान से राज्यसभा सदस्य चुनी गई हैं। ऐसे में काफी समय से चर्चा चल रही थी कि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी।

हालांकि, प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा अमेठी सीट पर दावा ठोंक रहे हैं। हाल ही में वह हरिद्वार पहुंचे थे, इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या वह अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। जवाब में उन्होंने कहा, पूरे देश से आवाज आ रही है कि मुझे सक्रिय राजनीति में आना चाहिए क्योंकि मैं हमेशा देश की जनता के बीच रहा हूं। मैं 1999 से वहां प्रचार के लिए जाता रहा हूं। लोग हमेशा चाहते हैं कि मैं उनके क्षेत्र में रहूं।