Loksabha Election 2024: मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार मीरा यादव का नामांकन रद्द कर दिया गया है। नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख 4 अप्रैल थी। इसी अवधि में मीरा यादव समेत अन्य प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी दाखिल की। जिसमें मीरा यादव का नामांकन रद्द कर दिया गया है।
अब इसे लेकर समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव का बयान सामने आया है।
उनका कहना है, कि खजुराहो सीट से इंडिया गठबंधन की सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त करना सरेआम लोकतंत्र की हत्या है। कहा जा रहा है कि हस्ताक्षर नहीं थे तो फिर देखनेवाले अधिकारी ने फार्म लिया ही क्यों। ये सब बहाने हैं और हार चुकी भाजपा की हताशा।
जो न्यायालय के कैमरे के सामने छल कर सकते हैं वो फार्म मिलने के बाद पीठ पीछे क्या-क्या साज़िश रचते होंगे। भाजपा बात में ही नहीं काम में भी झूठी है और समस्त प्रशासनिक तंत्र को भ्रष्ट बनाने की दोषी भी। इस घटना की भी न्यायिक जाँच हो, किसी का पर्चा निरस्त करना लोकतांत्रिक अपराध है।
आपको बता दें कि हाल ही में सपा ने खजुराहो से मीरा दीपक यादव का टिकट बदल दिया था। सपा ने पहले मनोज यादव को टिकट दिया था, लेकिन दो दिन बाद टिकट बदल दिया गया। खजुराहो लोकसभा सीट INDIA गठबंधन ने सपा को दी थी। नामांकन फार्म पर हस्ताक्षर नहीं करने और पुरानी नामावली के चलते पन्ना जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने मीरा यादव का नामांकन निरस्त कर दिया।
यहां से बीजेपी ने मौजूदा सांसद और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। अब खजुराहो में सिर्फ बीजेपी प्रत्याशी वीडी शर्मा ही अकेले रह गए। यानि कि चुनाव से पहले खजुराहो सीट सीधे-सीधे बीजेपी के खाते में आ गई है।