भोपाल: मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को पत्र भेज कर एक्सचेंज ऑफर दिया है जिसमें उन्होंने कहा कि असम जंगली भैंसे एवं गेंडे दे और बदले में मप्र से बाघ एवं तेंदुआ ले ले। उल्लेखनीय है कि इससे पहले दो साल पहले 3 अगस्त 2023 को मप्र के तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान ने असम के सीएम को सिर्फ जंगली भैंसे देने के संबंध में पत्र लिखा था जिस पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं होने पर अब वर्तमान सीएम यादव ने असम के सीएम को एक्सचेंज ऑफर के साथ पत्र लिखा है।
ताजा पत्र में सीएम यादव ने लिखा है कि एक समय मध्य भारत में, जिसमें आज का मध्य प्रदेश भी शामिल है, जंगली भैंसे पाए जाते थे। समय के साथ वे मध्य प्रदेश से विलुप्त हो गए हैं। भारत सरकार ने अपने पत्र दिनांक 21 नवम्बर 2024 के माध्यम से असम, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्यों से 50 जंगली भैंसों को मध्य प्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
असम एकमात्र ऐसा राज्य है जहां जंगली भैंसों की बड़ी आबादी है। इसलिए, पहले चरण में 20 जंगली भैंसों के स्थानांतरण के लिए असम के सीएम अनुमति दें। पत्र में इसके अलावा अनुरोध किया गया है कि है कि असम की शान, एक सींग वाले गैंडे के एक जोड़े को भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान और चिडिय़ाघर में स्थानांतरित करने की अनुमति भी दें। मप्र को इसके बदले में उसके चिडिय़ाघरों में उपलब्ध बाघ/तेंदुए या अन्य जानवर देने में खुशी होगी।
डॉ. नवीन आनंद जोशी