महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने निरुपम को छह साल तक के लिए पार्टी से निष्कासित किया है। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। वह पिछले कई दिनों से लगातार पार्टी विरोधी बयान दे रहे थे।
बुधवार 3 अप्रेल को पार्टी से निष्कासित किए गए संजय निरुपम की महाराष्ट्र में शिवसेना शिंदे से जुड़ने की अटकलें हैं।
संजय निरुपम ने कांग्रेस से निकाले जाने के बाद 'X' हैंडल पर अपना प्रोफाइल भी बदल लिया है। संजय निरुपम ने अपना बायो बदल दिया है और अपनी कवर फोटो भी हटा दी। इसके अलावा निरुपम ने एक नई प्रोफाइल पिक्चर भी अपलोड की है।
इससे पहले संजय निरुपम कवर फोटो और प्रोफाइल पिक में राहुल गांधी के साथ नजर आ रहे थे। संजय निरुपम ने पहले अपनी प्रोफाइल में खुद को 'ए कांग्रेस मैन' लिखा था और अब उन्होंने इसे भी हटा दिया है।
गौरतलब है, कि कांग्रेस और संजय निरुपम के बीच कई दिनों से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। मुंबई पश्चिम सीट पर उद्धव ठाकरे द्वारा अमोल कीर्तिकर को टिकट दिए जाने के बाद संजय निरुपम ने कांग्रेस पर हमलावर थे। इसके अलावा वह लगातार पार्टी के खिलाफ बयान दे रहे थे।
संजय निरुपम लगातार अमोल पर भी निशाना साध रहे थे। तभी से माना जा रहा था कि या तो निरुपम कांग्रेस छोड़ सकते हैं या फिर कांग्रेस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकती है।
बुधवार दोपहर को कांग्रेस ने निरुपम को स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर कर इसका संकेत भी दे दिया। आपको बता दें कि निरुपम उत्तर-पश्चिम सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। मुंबई नॉर्थ से सांसद रहे निरुपम ने कहा कि ‘कांग्रेस नेतृत्व को शिवसेना (यूबीटी) के दबाव के आगे नहीं झुकना चाहिए।’
संजय निरुपम ने यह भी कहा कि मुंबई में एक दलीय उम्मीदवार खड़ा करने के शिवसेना (यूबीटी) के फैसले को स्वीकार करना कांग्रेस को नष्ट करने की अनुमति देने के समान है। शिवसेना (अविभाजित) से अपना राजनीतिक करियर शुरू करने वाले संजय निरुपम ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था। महाराष्ट्र कांग्रेस ने बुधवार को ही उन्हें पार्टी से निकालने का प्रस्ताव पारित कर दिया था।