शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री बन गए है। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने अचानक यह ऐलान कर सबको चौंका दिया। पहले चर्चा थी कि सिर्फ़ पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही दोबारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनेंगे।
यह भी पढ़े:
हालांकि फडणवीस के बयान के बाद सब कुछ साफ़ हो गया। अब यह तय हो गया है कि शिंदे ही महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे।
4 बार विधायक रहे एकनाथ शिंदे-
महाराष्ट्र के सतारा में 9 फरवरी 1964 को जन्मे शिंदे.. पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के घर-घर में जाना-पहचाना नाम हैं। शिवसेना में बगावत के बाद अब वे भाजपा के समर्थन से सरकार बना रहे हैं। शिंदे उद्धव सरकार में पीडब्ल्यूडी विभाग में मंत्री थे।
एकनाथ शिंदे 2004, 2009, 2014 और 2019 में लगातार चार बार महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने गए। वह कम उम्र में ही ठाणे आ गए थे और मंगला हाई स्कूल और जूनियर स्कूल से 11वीं तक की पढ़ाई पूरी की..! परिवार की मदद के लिए शिंदे को पढ़ाई छोड़कर काम करना पड़ा।
1980 में, वह शिवसेना प्रमुख बाला साहेब ठाकरे से प्रभावित हुए और शिव सैनिक के रूप में काम करने के लिए पार्टी में शामिल हो गए। उस समय उन्होंने कई आंदोलनों में हिस्सा लिया। उन्होंने महाराष्ट्र-कर्नाटक आंदोलन में भी हिस्सा लिया, जिसके बाद उन्हें 40 दिनों की जेल हुई।
ठाणे में चला रहे थे ऑटो-रिक्शा-
एक समय शिंदे अपने परिवार की मदद के लिए मुंबई के पास ठाणे में ऑटो रिक्शा चला रहे थे। 58 वर्षीय शिंदे राजनीति में आने के बाद ठाणे-पालघर इलाके में शिवसेना के बड़े नेता के रूप में उभरे..!
शिवसेना ने उन्हें 1997 में एक नगरसेवक के रूप में ठाणे नगर निगम चुनाव लड़ने का मौका दिया, जिसमें उन्होंने भारी जीत हासिल की। 2001 में, उन्हें ठाणे निगम के नेता के रूप में चुना गया था। वह 2004 तक इस पद पर रहे।
2004 में, शिंदे को बालासाहेब ठाकरे ने ठाणे से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया था, जहां उन्हें भारी बहुमत से चुना गया था। 2005 में, शिंदे को शिवसेना के ठाणे जिला अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।
शिंदे तब से लगातार विधानसभा चुनाव जीत रहें हैं। उन्होंने 2009, 2014 और 2019 में भारी बहुमत से विधानसभा चुनाव जीते। 2014 के चुनाव के बाद, शिंदे को विधायक दल के नेता के रूप में भी चुना गया था।
2019 में चुनाव के बाद जब शिवसेना ने सरकार बनाई तो शिंदे को पीडब्ल्यूडी विभाग में मंत्री बनाया गया। जिसके बाद जनवरी 2019 में शिंदे ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। शिंदे की शादी लता शिंदे से हुई है। उनके बेटे डॉ.श्रीकांत शिंदे एक आर्थोपेडिक सर्जन हैं और वह कल्याण लोकसभा सीट से सांसद हैं।