श्योपुर में बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 महिलाओं की मौत


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

4 लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे, मामला विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव का है..!!

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में गुरुवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 4 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। इनमें से 4 लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे। मामला विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव का है।

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सरोज गुर्जर, सुनैना गुर्जर, सीमा गुर्जर और गीता राव के रूप में हुई है। ट्रैक्टर से बीरपुर थाना क्षेत्र के घूंघस गांव से विजयपुर थाना क्षेत्र के झारबडौदा गांव भात मांगने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला

ट्रॉली के अंदर ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। विजयपुर से 3 किलोमीटर पहले खितरपाल गांव के पास ट्रैक्टर अनबैलेंस हो गया। इससे ट्रॉली पलट गई। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।

पलटी हुई ट्रॉली को हाथों से सीधा किया

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद लोगों ने क्रेन का इंतजार नहीं किया। हाथों से ही पलटी हुई ट्रॉली को सीधा किया। इससे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को घटनास्थल पर मौजूद गाड़ियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।