पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। तबीयत बिगड़ने पर गुरुवार शाम को उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। 92 वर्षीय सिंह को रात करीब 8 बजे एम्स (दिल्ली एम्स) की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट से जुड़ी दिक्कतें थीं और सांस लेने में तकलीफ़ होने के चलते एम्स में एडमिट लाया गया था।
मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के एक गाँव में हुआ था। राहुल गांधी, पीएम मोदी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है।
भारत सरकार द्वारा 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक पूरे भारत में 7 दिनों का राजकीय शोक मनाने का निर्णय लेने के बाद, केरल सरकार ने जिला कलेक्टरों को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया है।
कांग्रेस ने सात दिनों तक के लिए अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मनमोहन सिंह के निधन पर कहा कि यह दुखद है। डॉ. मनमोहन सिंह कांग्रेस और देश के सच्चे प्रतीक थे। वह आजादी के बाद के नायक थे। उनकी दूरदर्शिता और देश पर शासन करने की क्षमता सभी ने देखी है। उन्होंने कहा कि 28 दिसंबर के स्थापना दिवस समेत सात दिनों के लिए कांग्रेस के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये गये हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
पीएम मोदी ने शोक प्रकट करते हुए लिखा है, भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। हमारे प्रधान मंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शोक व्यक्त करते हुए लिखा है,
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत की पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें। आरबीआई के गवर्नर, देश के वित्त मंत्री एवं प्रधानमंत्री जैसे दायित्व को निभाते हुए उन्होंने अपनी कुशल और दूरदर्शी नीतियों से देश की आर्थिक समृद्धि के प्रयासों में सहभागिता की और विभिन्न चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया। देश के आर्थिक विकास में योगदान के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ।।ॐ शांति।।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर रखा गया है। पुलिस ने बाहर बैरिकेड लगाकर कड़ी सुरक्षा कर दी है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दिल्ली में शुक्रवार को बारिश भी हो रही है।