भीषण गर्मी की चपेट में एमपी, खजुराहो में पारे ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

मौसम विभाग ने मंगलवार को 4 जिलों में लू (हीटवेव) और 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है..!!

मध्य प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। टूरिस्ट स्पॉट खजुराहो में सोमवार को पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो 10 साल में सबसे ज्यादा है। छतरपुर जिले का ही नौगांव दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को 4 जिलों में लू (हीटवेव) और 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र भोपाल ने 1 मई तक प्रदेश में तेज गर्मी के बीच बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसा साइक्लोनिक सकुर्लेशन और ट्रफ के सक्रिय होने की वजह से होगा। हालांकि, 28 अप्रैल से हीट वेव यानी लू से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

इन जिलों में लू का अलर्ट

मंगलवार को जिन जिलों में लू का अलर्ट है, उनमें छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं।

12 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।

13 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार

सोमवार को खजुराहो (46.0 डिग्री) और नौगांव (45.5 डिग्री) के अलावा श्योपुर और दतिया समेत कुल 13 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। भोपाल और ग्वालियर में 43.4 डिग्री, इंदौर में 42.0 डिग्री, उज्जैन में 42.4 डिग्री और जबलपुर में पारा 42.7 डिग्री रहा।