तप रहा एमपी...कल से लू चलेगी, 17 जिलों में अलर्ट


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मौसम केंद्र भोपाल ने 16 मार्च से प्रदेश में हीट वेव यानी, लू चलने का अलर्ट जारी किया है, 16, 17 और 18 अप्रैल को प्रदेश के 17 जिले लू से प्रभावित रहेंगे..!!

तेज गर्मी से पूरा मध्य प्रदेश तप गया है। दिन का तापमान 42 डिग्री और रात 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में भी गर्मी का असर बढ़ा है। मंगलवार को नर्मदापुरम प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रतलाम, खजुराहो समेत 14 शहरों में टेम्पेरेचर 40 डिग्री या इससे अधिक रहा।

मौसम केंद्र भोपाल ने 16 मार्च से प्रदेश में हीट वेव यानी, लू चलने का अलर्ट जारी किया है। 16, 17 और 18 अप्रैल को प्रदेश के 17 जिले लू से प्रभावित रहेंगे। इससे पहले मंगलवार को पूरे प्रदेश में तेज गर्मी रही। मौसम विभाग की माने तो नर्मदापुरम में दिन के साथ रात भी सबसे गर्म है। रात में तापमान 25 डिग्री रहा।

इसी तरह रतलाम में 41.4 डिग्री, खजुराहो-नौगांव में 41 डिग्री, धार में 40.6 डिग्री, बैतूल में 40.5 डिग्री, श्योपुर-रायसेन में 40.4 डिग्री, शाजापुर, गुना-खरगोन में 40.2 डिग्री, छिंदवाड़ा में 40.1 डिग्री, दमोह, सागर-मलाजखंड में तापमान 40 डिग्री रहा। प्रदेश के 5 बड़े शहरों में भोपाल-जबलपुर में सबसे ज्यादा 39.6 डिग्री, इंदौर में 39.8 डिग्री और ग्वालियर-उज्जैन में 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

नया सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन असर नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल को नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है, लेकिन यह कमजोर रहेगा। इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में ही दिखाई देगा। यानी, अब प्रदेश में तेज गर्मी वाला दौर ही रहेगा। गर्मी बढ़ने से लोग उससे बचने के तरीके भी तलाश रहे हैं।

कोई मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकल रहा है तो कोई गन्ने का ज्यूस, कोल्ड्रिंक्स, आइस्क्रीम का लुत्फ उठा रहा है। गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवाइजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहे। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।