MP Weather Update: प्रदेश में कड़ाके की ठंड, कोहरे का कहर जारी.. दतिया सबसे ठंडा, कई जिलों में 10 डिग्री से नीचे तापमान


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

जनवरी की शुरुआत से ही मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छाया हुआ है, बीते दिन कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे सड़क और रेल यातायात बाधित हुआ..!

मध्य प्रदेश में जनवरी की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड और घना कोहरा लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। प्रदेश में मौसम की मार के चलते विज़िबिलिटी भी कम हो गई, जिससे आम जनजीवन और रेल यातायात बुरी तरह से बाधित हो रहा है। 

मौसम विभाग ने कई जिलों में कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। शहडोल, ग्वालियर, दतिया और पचमढ़ी जैसे इलाके अभी भी ठंड और कोहरे की चपेट में हैं। आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना कम ही है।

राज्य भर के बड़े शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान भोपाल में 26.8°C 9.0°C, इंदौर में 26.8°C और 9.6°C, उज्जैन में 27.5°C और 9.4°C, ग्वालियर में 21.5°C और 5.6°C, जबलपुर में 26.7°C और 9.8°C, रीवा में 23.6°C और 7.0°C, शहडोल/कल्याणपुर में 20.8°C और 4.8°C, पचमढ़ी में 20.8°C और 5.6°C, दतिया में 20.1°C और 5.4°C सतना में 26.0°C और 9.0°C दर्ज किया गया।

शहडोल में कल्याणपुर सबसे ठंडा इलाका है, जहाँ सबसे कम तापमान (4.8°C) रहा। ग्वालियर और दतिया जैसे ज़िलों में भी तापमान 5°C से कम रहा।

भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के एक्सपर्ट के अनुसार, राज्य में ठंड बढ़ने के पीछे मुख्य कारण वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और जेट स्ट्रीम हवाओं का असर है। उत्तर भारत से ठंडी हवाएं लगातार मध्य प्रदेश में आ रही हैं, जिससे सुबह और रात के समय तापमान में तेजी से गिरावट आई है।

कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से सड़क और रेल ट्रैफिक पर असर पड़ा है। श्योपुर, मुरैना, भिंड, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच जिलों में हल्का से घना कोहरा देखा गया।

जनवरी को मध्य प्रदेश में खास तौर पर ठंडा महीना माना जाता है। मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार, दिसंबर और जनवरी में उत्तर भारत से ठंडी हवाओं का तेज फ्लो आता है, जिससे तापमान नॉर्मल से काफी नीचे चला जाता है। 

उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग राज्य के सबसे ठंडे इलाके रहे हैं। पिछले दस सालों के रिकॉर्ड के मुताबिक, जनवरी में सबसे कम तापमान अक्सर 5 से 7° सेल्सियस के बीच रहा है। इस दौरान, कुछ सालों में उत्तर-पश्चिमी डिस्टर्बेंस की वजह से हल्की बारिश भी देखी गई। 2026 की शुरुआत में बादलों की मौजूदगी ने ठंड और कोहरे को और बढ़ा दिया।

ठंड के इस मौसम में सुबह और रात में घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें। कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम होने पर गाड़ी धीरे चलाएं। बच्चों और बुज़ुर्गों जैसे ज़्यादा रिस्क वाले लोगों को ज़्यादा देर तक ठंड में बाहर न रहने दें। सेहत के लिए हरी सब्ज़ियां और गर्म खाने का ही सेवन किया जाए और गर्म-गुनगुना पानी और खाना ही खाया जाए।