भोपाल: राज्य के नौरादेही अर्थात वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर में तेजी से बढ़ रही बाघों की संख्या एवं कुछ समय बाद इसमें तीन चीते छोड़े जाने के परिप्रेक्ष्य में वहां इनकी खुराक हेतु एक हजार चीतल शिफ्ट किये जायेंगे। ये चीतल कान्हा टाइगर रिजर्व एवं पेंच टाइगर रिजर्व से वहां भेजे जायेंगे। इसकी स्वीकृति राज्य सरकार ने जारी कर दी है।
दोनों टाइगर रिजर्व से 500-500 चीतल नौरादेही में ट्रांसलोकेट किये जायेंगे। ऐसा वन्यप्राणी प्रबंधन के उद्देश्य से किया जायेगा तथा ट्रांसलोकेशन के पूर्व इन चीतलों के स्वास्थ्य की जांच संबंधित क्षेत्र के वनाधिकारियों को करना होगी। उल्लेखनीय है कि नौरादेही में चीतों के लिये बनाये जाने वाले बाड़े का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गत 25 मार्च 2026 को भूमि पूजन किया था तथा इसमें श्योपुर जिले में स्थित पालपुर कूनो नेशनल पार्क में बसे चीतों में से तीन चीते पकड़ कर छोड़े जायेंगे।