असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कर्नाटक में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। असम के सीएम ने कांग्रेस को मौजूदा मुगल करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्यू इंडिया को कमजोर करने का काम कर रही है। इससे स्पष्ट है कि वह मुगलों का प्रतिनिधित्व कर रही है।
सीएम हिमंत ने कहा कि बांग्लादेश से लोग असम आ रहे हैं और इससे हमारी सभ्यता और संस्कृति को खतरा है। मुझसे सवाल पूछा गया कि आपने 600 मदरसों को बंद कर दिया है, मैंने कहा कि मैं सभी मदरसों को बंद करने का इरादा रखता हूं क्योंकि हमें मदरसों की नहीं, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की जरूरत है।
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कर्नाटक के बेलगावी में शिव चरित्र कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए हिंदुओं से अपनी पहचान पर गर्व करने का आह्वान किया। सरमा ने कहा कि हर मुसलमान दावा करेगा कि हम एक हैं। इसी तरह हिन्दुओं को भी पूरे गर्व के साथ अपने को हिन्दू कहना पड़ता है। तभी सनातन धर्म जीवित रहेगा। छत्रपति शिवाजी महाराज के विचार हर जगह पाए जाते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रमुख चेहरे सरमा ने कहा कि भूमि ने औरंगजेब जैसे शासकों को सहा है। इस भूमि ने छत्रपति शिवाजी महाराज को जन्म दिया जो उनके खिलाफ खड़े हो सकते थे। साम्यवादी इतिहासकारों का दावा है कि पूरा भारत औरंगजेब के नियंत्रण में था। वह कहानी गलत है। छत्रपति शिवाजी महाराज उनसे सौ गुणा वीर थे।
उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में है। उन्होंने आधुनिक भारत की सेना की भी तारीफ की और कहा, आधुनिक भारत अपनी वैक्सीन खुद बनाता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने न्यू इंडिया का सपना देखा है, जहां वे अपने गरीबों के साथ खड़े होंगे. हम सभी को उनके साथ खड़ा होना चाहिए। हमें नई सोच और विकास समर्थक सोच की जरूरत है।