नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 126वीं जयंती के मौके पर देश भर में याद किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर अंडमान और निकोबार के 21 बड़े द्वीपों का नामकरण किया। इन द्वीपों को परमवीर चक्र विजेताओं के नाम दिए गए।
पीएम मोदी ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। पीएम मोदी ने कहा कि इन 21 द्वीपों को अब परमवीर चक्र विजेताओं के नाम से जाना जाएगा। आज के इस दिन को आजादी के अमृत काल के एक महतपूर्ण अध्याय के रूप में आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी।
पीएम ने आगे कहा कि अंडमान की ये धरती वो भूमि है, जिसके आसमान में पहली बार मुक्त तिरंगा फहरा था। आजादी के बाद नेताजी को भुलाने की कोशिश की गई। ये स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती के अवसर पर अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में तिरंगा फहराया। गृहमंत्री ने कहा कि जब देश की आजादी आगे बढ़ी और देश को नेताजी ने आजाद हिंद फौज के प्रयास से आजाद कराने का प्रयास किया तब भी इसी हिस्से को देश में सबसे पहले स्वतंत्रता प्राप्त करने का सम्मान मिला और नेताजी के हाथ से इसी द्वीप पर अपना तिरंगा पहली बार लहराया गया था।