पीएम मोदी रविवार को देश को देंगे 9 वंदे भारत ट्रेन का तोहफा, जानें किस रूट पर लोगों को होगा फायदा


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

9 नई वंदे भारत ट्रेनों के चलने से कुल 34 रूटों पर वंदे भारत ट्रेनें चलने लगेंगी..!

रविवार 24 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। फिलहाल देश के 25 रेलवे रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। इन 9 नई वंदे भारत ट्रेनों के चलने से कुल 34 रूटों पर वंदे भारत ट्रेनें चलने लगेंगी।

इस तरह कई राज्यों को वंदे भारत का तोहफा मिलेगा। पीएम मोदी वर्चुअली इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। रेलवे की योजना इन रूट पर 16 कोच की जगह 8 कोच वाली वंदे भारत ट्रेन चलाने की है।

रविवार से उदयपुर से जयपुर, तमिलनाडु में तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई, हैदराबाद से बेंगलुरु, विजयवाड़ा से चेन्नई, केरल में कासरगोड से तिरुवनंतपुरम, राउरकेला से भुवनेश्वर और जामनगर से अहमदाबाद के बीच वन्दे भारत शामिल हैं। 

फिलहाल 25 रूट जिन पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, इनमें से कई रूटों पर 8 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। 8 कोच वाली इस वंदे भारत ट्रेन का रिस्पॉन्स अच्छा है। रेलवे की योजना वंदे भारत ट्रेनों को 16 कोचों की बजाय केवल 8 कोचों के साथ चलाने की है। 

रविवार से शुरू होने वाली 9 वंदे भारत ट्रेन भी सिर्फ 8 कोच के साथ चल सकती है। 8 कोच का फायदा यह है कि यह ट्रेन जल्दी भर जाएगी। अगर वंदे भारत को आठ कोचों के साथ चलाया जाए तो इसे कम समय में अधिक रूटों पर चलाया जा सकता है। कई मार्गों पर यात्रियों की बुकिंग को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार इसे 8 या 16 कोचों में विभाजित किया जाएगा।