कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को मानहानि मामले में बड़ी राहत मिली है। मंगलवार (फरवरी 20) को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की एक MP-MLA कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी।
राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को बीच मेंही रोककर मामले की पैरवी के लिए पहुंचे थे। यह पूरा मामला साल 2018 का है, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ा है। राहुल गांधी पर अमित शाह के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा था।
राहुल गांधी सुबह 11 बजे सुल्तानपुर कोर्ट में हाजिरी लगाने पहुंचे। ये पूरा मामला चुनाव के दौरान का है। तभी कांग्रेस सांसद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी कर दी। इस मामले में राहुल गांधी को कोर्ट से तीन नोटिस मिल चुके हैं। इस बार उन्हें सुल्तानपुर के एक बीजेपी नेता की अपील पर नोटिस मिला है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी को 20 फरवरी को सुल्तानपुर में उत्तर प्रदेश जिला अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया गया है। मामला 4 अगस्त 2018 को बीजेपी नेता द्वारा दायर मानहानि केस से जुड़ा है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 20 फरवरी को दोपहर 2 बजे फुरसतगंज, अमेठी से कार्यक्रम फिर से शुरू होगा।