राज्यसभा चुनाव: सोनिया गांधी ने राजस्थान से दाखिल किया नामांकन, राहुल-प्रियंका, अशोक गहलोत मौजूद


Image Credit : X

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार (14 फरवरी 2024) को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में सोनिया को राजस्थान से पार्टी का उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। सोनिया ने जयपुर में अपनी उम्मीदवारी दाखिल की। इस दौरान उनके साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।

दरअसल, 15 राज्यों की 56 सीटों पर 27 फरवरी को मतदान होना है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है। कांग्रेस ने बुधवार को ही 4 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की थी। सूची में सोनिया के अलावा हिमाचल से अभिषेक मनु सिंघवी, बिहार से अखिलेश प्रसाद सिंह और महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोर का नाम शामिल है।

Image

सोनिया गांधी 1999 से लगातार लोकसभा की सांसद हैं। वर्तमान में वह रायबरेली से लोकसभा सदस्य हैं। सोनिया गांधी भी अमेठी से लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। यह पहली बार होगा जब वह संसद के उच्च सदन में जायेंगी। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद राज्यसभा में प्रवेश करने वाले गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी। इंदिरा गांधी अगस्त 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य रहीं।

राज्यसभा जाने की स्थिति में सोनिया गांधी अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। इससे पहले 2019 में सोनिया गांधी ने घोषणा की थी कि यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सीटें जीतने की ओर अग्रसर है। 

आपको बता दें, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का राजस्थान से राज्यसभा कार्यकाल इस साल अप्रैल में खत्म हो रहा है। केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव का कार्यकाल भी अप्रैल में ख़त्म हो रहा है। हाल ही में उच्च सदन से इस्तीफा देने वाले किरोड़ी लाल मीणा का कार्यकाल भी अप्रैल में खत्म हो जाएगा। 

बीजेपी ने राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया को उम्मीदवार घोषित किया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी नेतृत्व से राज्य से राज्यसभा सीट के लिए सोनिया गांधी को नामांकित करने की अपील की। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का सिलसिला 8 फरवरी से शुरू हुआ।