अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद से ही यहां पर भक्तों का तांता लगा हुआ है। रोज़ाना हज़ारों की संख्या में लोग रामलला के दर्शनों को अयोध्या पहुंच रहे हैं।
अब RSS और VHP ने भोपाल से अयोध्या जाने के लिए पूरी ट्रेन बुक कराई है। अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए मध्य भारत प्रांत का संघ परिवार होगा रवाना। ढ़ाई हजार प्रमुख स्वयंसेवक और कार्यकर्ता रामलला के दर्शनों के लिए एकसाथ रवाना होंगे।
बताया जा रहा है, कि कार्यकर्ता रैली निकाल कर दोपहर 3:00 बजे भोपाल स्टेशन पर जमा होंगे। विहिप के प्रदेश मंत्री राजेश जैन ने बताया कि 16 फरवरी शुक्रवार को शाम 4 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 06 से विशेष ट्रेन रवाना होगी। दोपहर 3 बजे से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता अपने परिवार के साथ भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इससे पहले शहर के विभिन्न इलाकों से भगवा यात्रा भी निकाली जाएगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय संघचालक अशोक पांडे भगवा ध्वज लहराकर ट्रेन को रवाना करेंगे। स्वयंसेवक और कार्यकर्ता सामूहिक पूजन के लिए अयोध्या रवाना होंगे।
ट्रेनों के अलावा आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बसों से भी अयोध्या के लिए रवाना होंगे। इसकी व्यवस्था भी संघ की ओर से की गयी है। मध्यभारत प्रांत अभियान अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि अनुमान है कि दो हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को बसों से रवाना किया जाएगा।
एकता की मिसाल देने के लिए सभी भगवाधारी एक साथ अयोध्या में मौजूद भगवान श्री राम के दर्शन और पूजन करेंगे। इसके अलावा सामुदायिक भोजन भी लिया जाएगा। इस धार्मिक यात्रा में भजन और अन्य संगीत कार्यक्रम भी होंगे।