बृजभूषण के करीबी संजय सिंह बने WFI अध्यक्ष, विरोध में साक्षी ने किया संन्यास का एलान


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

बृजभूषण शरण सिंह के करीबी ने संजय सिंह के WFI चुनाव मे जीत हासिल करने के बाद साक्षी मलिक का ये रिएक्शन सामने आया है..!!

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के चुनाव संपन्न होने के बाद महिला पहलवान साक्षी मलिक ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है, कि मैं कुश्ती से संन्यास ले रही हूं। बृजभूषण शरण सिंह के करीबी ने संजय सिंह के WFI चुनाव मे जीत हासिल करने के बाद साक्षी मलिक का ये रिएक्शन सामने आया है।

साक्षी मलिक ने रोते हुए कहा कि हम 40 दिनों तक सड़क पर सोए और देश के कई हिस्सों से कई लोग हमारा समर्थन करने आए, बूढ़ी औरतें आईं। ऐसे लोग भी आये जिनके पास कमाने के लिए पैसे नहीं थे। हम जीत नहीं पाए, लेकिन आप सभी को धन्यवाद। उन्होंने कहा कि हमने दिल से लड़ाई लड़ी है, लेकिन अगर WFI चीफ बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह चुने जाते हैं, तो मैं अपनी कुश्ती छोड़ दूंगी। इसी बीच साक्षी ने अपने जूते उठाकर टेबल पर रख दिये।

वहीं इस दौरान पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि खेल मंत्री ने ऑन रिकॉर्ड कहा है कि बृजभूषण शरण सिंह से जुड़ा कोई भी खिलाड़ी फेडरेशन में नहीं आएगा, लेकिन मुझे नहीं लगता कि बेटियों को न्याय मिलेगा। आज के चुनाव में बृजभूषण का आदमी जीत गया। उन्होंने कहा कि मुझे न्यायपालिका पर भरोसा है कि वह न्याय करेगी। साथ ही कहा कि ऐसा लगता है कि पीढ़ियां न्याय के लिए लड़ती रहेंगी। सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही है।

साक्षी मलिक के कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा के बाद विनेश फोगाट भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि यह वाकई दुखद है। हमने लड़ने की कोशिश की, लेकिन जीत नहीं सके। मुझे नहीं पता कि न्याय कैसे मिलेगा, हमने न्याय के लिए आवाज उठाने वाले हर व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश की। मैं युवा खिलाड़ियों से कहना चाहती हूं कि वे अन्याय का सामना करने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि उम्मीदें बहुत कम हैं, लेकिन उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा। दुख की बात है कि कुश्ती का भविष्य अंधकार में है, हम अपना दुख किससे कहें? हम अभी भी लड़ रहे हैं।

WFI के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, महासचिव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष समेत 15 पदों के लिए गुरुवार को दिल्ली में चुनाव हुए। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अनीता श्योरण और उत्तर प्रदेश कुश्ती महासंघ के उपाध्यक्ष संजय सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद की दौड़ में रहे। लेकिन संजय सिंह ये चुनाव जीत गए।