मुंबई में आतंकी हमले की धमकी, NIA को मिले ईमेल के बाद अलर्ट 


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

NIA ने यह जानकारी मुंबई पुलिस को भी दी है, पुलिस व अन्य एजेंसियां जांच कर रही हैं..!

मुंबई पर आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है। एनआईए को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद देश के कई शहरों को अलर्ट कर दिया गया है। NIA ने यह जानकारी मुंबई पुलिस को भी दी है। पुलिस व अन्य एजेंसियां जांच कर रही हैं।

NIA की ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें मुंबई में आतंकी हमले की धमकी दी गई थी। ई-मेलर ने खुद की पहचान तालिबानी के रूप में बताई और दावा किया कि तालिबान संगठन के एक प्रमुख नेता सिराजुद्दीन हक्कानी के आदेश पर मुंबई में एक आतंकवादी हमला होगा।

धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी गई। पुलिस और अन्य एजेंसियां फिलहाल जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ईमेल कहां से भेजा गया था। साथ ही देश के अलग-अलग शहरों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

इससे पहले जनवरी में भी मुंबई में आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा था। एक व्यक्ति ने मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया और शहर भर में विभिन्न स्थानों पर बम विस्फोट करने की धमकी दी थी। धमकी देने वाले ने फोन पर कहा कि वह 1993 की तर्ज पर मुंबई में जगह-जगह ब्लास्ट कर आतंक फैलाएगा। इन हमलों को 2 महीने के भीतर अंजाम देने की बात कही गई थी।