कैश की कमी से जूझ रहे श्रीलंका ने रविवार को स्कूल बंद को एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया क्योंकि शिक्षकों और अभिभावकों के पास बच्चों को कक्षाओं तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त ईंधन नहीं है। नए तेल की खरीद की वित्तीय व्यवस्था के लिए श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री ने देश के प्रवासी लोगों को बैंकों के माध्यम से पैसा भेजने की अपील की है। 

भारी विदेशी कर्ज ने श्रीलंका को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। कोई भी आपूर्तिकर्ता क्रेडिट पर ईंधन बेचने को तैयार नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि उपलब्ध स्टॉक, केवल कुछ ही दिनों में समाप्त हो जाएगा। जिसे आवश्यक सेवाओं स्वास्थ्य, बंदरगाह कार्यकर्ता, सार्वजनिक परिवहन और खाद्य वितरण के लिए ही इस्तेमाल किया जाएगा।

पिछले महीने, ईंधन की कमी के कारण देश भर में स्कूल एक दिन के लिए बंद कर दिए गए थे और शहरी क्षेत्रों में पिछले दो सप्ताह से स्कूल बंद थे। अब आगामी शुक्रवार तक स्कूल बंद रहेंगे।

अधिकारियों ने सोमवार से देश भर में तीन घंटे तक बिजली कटौती की भी घोषणा की क्योंकि वे बिजली उत्पादन स्टेशनों को पर्याप्त ईंधन की आपूर्ति करने में असमर्थ हैं । रसोई गैस, दवा और खाद्य आयात सहित आवश्यक चीजों की गंभीर कमी के साथ-साथ महीनों से श्रीलंका में व्यापक स्तर पर बिजली की कटौती भी हुई है।

आर्थिक मंदी से देश भर में सरकार के खिलाफ़ लगातार  विरोध प्रदर्शनों के कारण एक राजनीतिक संकट पैदा कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने गैस और ईंधन की मांग करते हुए मुख्य सड़कों को पर जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज किया , और टेलीविजन स्टेशनों ने कुछ क्षेत्रों में लोगों को सीमित स्टॉक के लिए लड़ते हुए भी दिखाया।

राजधानी कोलंबो में, प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के इस्तीफे की मांग को लेकर दो महीने से अधिक समय से राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवेश द्वार पर धरना दे रहे हैं। वे उन पर और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप लगाते हुए देश को संकट में डालने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व को दोषी ठहराते हैं।