अब समर्थन मूल्य पर खरीदी की मंडीवार जानकारी की व्यवस्था पोर्टल पर होगी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

पत्र में कहा गया है कि राज्य शासन की अधिकृत एजेन्सियों यथा नागरिक आपूर्ति निगम एवं मार्कफेड द्वारा उपार्जन समितियों के माध्यम से, प्रदेश के किसानों से गेंहू, धान एवं मोटे अनाजों आदि की समर्थन मूल्य पर खरीदी का कार्य प्रदेश के मंडी प्रांगणों तथा अधिसूचित मंडी क्षेत्र में स्थापित क्रय केंद्रों पर किया जा रहा है..!!

भोपाल: अब ई-उपार्जन पोर्टल पर समर्थन मूल्य पर खरीदी गई उपज की मंडीवार जानकारी दर्ज होगी। इसके लिये राज्य के मंडी बोर्ड के अपर संचालक अनुराग सक्सेना ने केंद्र सरकार के भोपाल स्थित एनआईसी को पत्र लिखा है।

पत्र में कहा गया है कि राज्य शासन की अधिकृत एजेन्सियों यथा नागरिक आपूर्ति निगम एवं मार्कफेड द्वारा उपार्जन समितियों के माध्यम से, प्रदेश के किसानों से गेंहू, धान एवं मोटे अनाजों आदि की समर्थन मूल्य पर खरीदी का कार्य प्रदेश के मंडी प्रांगणों तथा अधिसूचित मंडी क्षेत्र में स्थापित क्रय केंद्रों पर किया जा रहा है। 

एनआईसी द्वारा बनाये ई-उपार्जन पोर्टल में पंजीकृत किसानों से खरीदी, परिवहन एवं भुगतान आदि की संस्थावार, संभागवार एवं जिलेवार जानकारी उपलब्ध रहती है। परन्तु उपार्जन पोर्टल पर मंडीवार जानकारी उपलब्ध नहीं होने से मंडीवार समीक्षा की जाना संभव नहीं हो पाता है। इसलिये ई-उपार्जन पोर्टल पर जिले अंतर्गत अधिसूचित मंडी/उप मंडियों को मैप किया जाये। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 259 कृषि उपज मंडियां एवं 298 उप मंडियां हैं।