सांवलिया सेठ को 32.87 करोड़ रुपए का चढ़ावा, आज गिनती का आखिरी राउंड


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

6 राउंड के बाद महीनेभर (18 मार्च से 16 अप्रैल) के चढ़ावे की राशि 32 करोड़ 87 लाख 11 हजार 600 रुपए पर पहुंच गई है..!!

चित्तौड़गढ़ (मेवाड़) के श्रीसांवलियाजी सेठ मंदिर में गुरुवार को छठे चरण में दानराशि के कुल 54 लाख 6 हजार 600 रुपए की गिनती हुई। 6 राउंड के बाद महीनेभर (18 मार्च से 16 अप्रैल) के चढ़ावे की राशि 32 करोड़ 87 लाख 11 हजार 600 रुपए पर पहुंच गई है।

वैशाख माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को खोली गई भंडार दानपेटी की गिनती आज राजभोग आरती के बाद शुरू की गई, जो शाम तक लगातार चलती रही। प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर मंडल की निगरानी में प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

एडीएम और मंदिर मंडल की सीईओ प्रभा गौतम ने बताया कि अब शेष राशि की गणना शुक्रवार को आखिरी और सातवें चरण में की जाएगी। मंदिर प्रशासन का कहना है कि नवंबर, 2025 में दिवाली के बाद खोले गए भंडार के दौरान 51 करोड़ 27 लाख 30 हजार 112 रुपए चढ़ावा आया था। यह अब तक का रिकॉर्ड चढ़ावा था, जो दो महीने का था।

चतुर्दशी के अवसर पर खोले गए भंडार से पहले दिन 11 करोड़ 11 लाख रुपए चढ़ावा राशि की गणना की गई थी।  अगले दिन अमावस्या का मेला होने के कारण गणना नहीं की गई। इसके अगले दिन दूसरे चरण में 6 करोड़ 51 लाख 24 हजार 500 रुपए की गणना हुई।

वहीं, तीसरे चरण में 9 करोड़ 60 लाख 61 हजार 500 रुपए तथा चौथे चरण में मंगलवार को 3 करोड़ 78 लाख 77 हजार रुपए प्राप्त हुए।  इस तरह चारों चरणों की कुल गणना के बाद राशि 31 करोड़ के पार पहुंच गई। पांचवे चरण में भी करीब एक करोड़ 80 लाख रुपए के चढ़ावे की गिनती हुई।