PM Modi In MP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से पांच वंदे भारत ट्रेन को झंडी दिखाई. जिसके बाद प्रधानमंत्री भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित करने के लिए पहुंचे. यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद हैं.

देंखे लाइव:

 

PM का कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद-

पीएम मोदी मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद भी कर रहें हैं. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता हैं. मैं इस कार्यक्रम की संकल्पना के लिए नड्डा जी और भाजपा शासित राज्यों के नेताओं को बधाई देता हूं. क्योंकि मैं वस्तुतः भाजपा के लगभग 10 लाख बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहा हूं.

पीएम मोदी ने बताया, केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर देश भर में जो कार्यक्रम हो रहे हैं और उसमें आप लोग (कार्यकर्ता) जो मेहनत कर रहे हैं उसकी जानकारियां लगातार मुझ तक पहुंच रही हैं. मैं जब अमेरिका और मिस्र में था, तो भी आपके प्रयासों के बारे में लगातार जानकारी मिलती रहती थी. वहां से लौट कर आप लोगों से मिलना मेरे लिए ज्यादा सुखद है, आनंदायक है.

कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत-PM

कार्यकर्ताओं को लेकर पीएम मोदी बोले, भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं. आज मैं एक साथ बूथ पर काम करने वाले 10 लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहा हूं. शायद किसी भी राजनीतिक दल के इतिहास में ग्रास रूट लेवल पर Organised way में इतना बड़ा कार्यक्रम कभी नहीं हुआ होगा, जितना बड़ा आज यहां हो रहा है.

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा, आप सिर्फ बीजेपी ही नहीं देश के संकल्पों की सिद्धि के भी मजबूत सिपाही हैं. भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है, दल से बड़ा देश है. जहां दल से बड़ा देश हो, ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करना मेरे लिए भी एक मंगल उत्सव है. मैं भी बड़ा उत्सुक हूं.

विपक्ष पर पीएम मोदी का वार-

पीएम मोदी ने बताया कि बूथ अपने आप में एक बहुत बड़ी इकाई है और हमें कभी भी बूथ की इस इकाई को छोटा नहीं समझना चाहिए. बहुत सी ऐसी चीजें होती हैं जहां जमीनी फीडबैक बहुत जरूरी होता है और जो बूथ के हमारे साथी हैं वो इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अगर कोई सफल नीति बनाते है तो मान लेना कि इसमें बूथ स्तर की जानकारी की बहुत बड़ी ताकत होती है.

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, हम उनमें से नहीं है जो AC वाले कमरों में बैठ कर पार्टियां चलाते हैं और फतवे निकालते हैं. हम तो वो लोग हैं जो गांव-गांव जा कर हर मौसम, हर परिस्थिति में, जनता के बीच खुद को खपाते हैं. भाजपा की बूथ कमेटी की पहचान सेवा से होनी चाहिए, सेवा भाव से होनी चाहिए. बूथ के अंदर संघर्ष की जरुरत नहीं होती है, सेवा ही एक मात्र माध्यम होता है.

भारत विकसित तभी होगा जब गांव विकसित होगा-PM

पीएम मोदी बोले, कार्यकर्ता के दिल में और ज्यादा काम करने की भूख होना, ये बहुत बड़ी ताकत है. भारत विकसित तभी होगा जब गांव विकसित होगा. इसके लिए छोटे छोटे प्रयास भी बहुत बड़ा असर दिखा सकते हैं. जैसे- हमारा गांव कैसे हरा-भरा हो, सोलर को कैसे बढ़ाएं, सोलर एनर्जी की कैसे आदत डालें. बैंकों से मदद कैसे दिलवाएं, भाजपा कार्यकर्ता ये सोचें कि मेरे बूथ में कोई बच्चा ड्रॉप आउट नहीं होगा. बेटा हो या बेटी, हर शत-प्रतिशत शिक्षित होगा. ये सेवा भी होगी और भाजपा का भी काम हो जाएगा.

उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य सरकार की सिर्फ एक योजना से लोगों को लाभ पहुंचाना नहीं है. संतृप्ति हमारा लक्ष्य है जहां हम 100% कवरेज देते हैं. वास्तविक लाभार्थियों को उन सभी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, जिनके वे पात्र हैं. हमारा लक्ष्य किसी लाभार्थी को एक योजना का लाभ देना नहीं है, हमारा लक्ष्य saturation का है. शत-प्रतिशत कवरेज का है. हर सुविधा का लाभ, जिस भी सुविधा का उसको अधिकार है, उस सुविधा का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य है.

हमको गरीब को मुसीबतों से मुक्त करना है-PM

पीएम मोदी ने कहा, जिसको घर मिल गया है तो देखिए कि क्या उसको मुद्रा योजना का लाभ मिल सकता है या नहीं, क्या उसके पास आयुष्मान कार्ड है या नहीं. ये सब भाजपा का बूथ कार्यकर्ता अगर दायित्व समझ कर करता है तो सरकार की योजनाओं का सही लाभ, सही लोगों को, सही समय पर मिल सकता है. हमें ध्यान रखना चाहिए कि हमको गरीब को मुसीबतों से मुक्त करना है. 

विपक्षी पार्टियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कि कुछ लोग सिर्फ अपने ही दल के लिए जीते हैं, दल का ही भला करना चाहते हैं और वो ये सब इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार का, कमीशन का, कट मनी का हिस्सा मिलता है. उन्होंने जो रास्ता चुना है उसमें ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती और ये रास्ता तुष्टिकरण का है.

तुष्टिकरण के नहीं बल्कि संतुष्टिकरण के रास्ते पर चलना है-PM

विपक्षी पार्टियों को लेकर पीएम मोदी बोले, गरीब को गरीब बनाये रखने, वंचित को वंचित बनाए रखने से ही उनकी राजनीति चलती है. तुष्टिकरण का ये रास्ता कुछ दिनों के लिए तो फायदा दे सकता है लेकिन ये देश के लिए महाविनाशक होता है. ये देश के विकास को रोक देता है, देश में भेदभाव बढ़ाता है, देश में तबाही लाता है, समाज में दीवार खड़ी करता है.

उन्होंने कहा, एक तरफ इस तरह के लोग हैं जो तुष्टिकरण कर अपने स्वार्थ के लिए छोटे-छोटे कुनबे दूसरों के खिलाफ खड़े कर देते हैं और दूसरी तरफ हम भाजपा के लोग हैं. हमारे संस्कार अलग हैं, हमारे संकल्प बड़े हैं और हमारी प्राथमिकता दल से पहले देश की है. हम मानते हैं कि जब देश का भला होगा तो सबका भला होगा. भाजपा ने यह तय किया है कि हमें तुष्टिकरण के रास्ते पर नहीं चलना है. देश का भला करने का रास्ता तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण है.

तीन तलाक के मुद्दे पर पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा-

तीन तलाक के मुद्दे पर पीएम मोदी बोले, जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं, जो भी इसकी वकालत करते हैं. वो वोट बैंक के भूखे लोग मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं. तीन तलाक से केवल बेटियों पर अन्याय नहीं होता, बल्कि पूरा परिवार तबाह हो जाते हैं. अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है तो कतर, जॉर्डन, इंडोनेशिया जैसे देशों में क्यों इसको बंद कर दिया.

उन्होंने आगे कहा, भारत के मुसलमान भाई बहनों को ये समझना होगा कि कौन से राजनीतिक दल उनको भड़का कर उनका राजनीतिक फायदा ले रहे हैं. हम देख रहे हैं कि यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर ऐसे लोगों को भड़काने का काम हो रहा है. एक घर में एक सदस्य के लिए एक कानून हो और दूसरे के लिए दूसरा तो घर चल पायेगा क्या? तो ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा? 

विपक्ष को घेरते हुए प्रधानमंत्री बोले, सुप्रीम कोर्ट ने बार बार कहा है कि 'कॉमन सिविल कोड' लाओ लेकिन ये वोटबैंक के भूखे लोग, वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने पसमंदों मुसलमानों का शोषण किया है लेकिन उनकी कभी चर्चा नहीं हुई. उन्हें आज भी बराबरी का हक़ नहीं मिलता.

विपक्षी एकजुटता पर गरजे पीएम मोदी, बोले- 2024 में जीत तय

बिहार के पटना में आयोजित विपक्षी एकजुटता पर तंज कसते हुए पीएम मोदी बोले, भाजपा के जो घोर विरोधी दल हैं. 2014 हो या 2019, दोनों ही चुनावों में उतनी छटपटाहट नहीं दिखी जितनी आज दिख रही है. जिन लोगों को पहले लोग अपना दुश्मन बताते थे, पानी पी-पी कर गाली देते थे, आज उनके सामने साष्टांग होते हैं. उनकी ये बेचैनी दिखलाती है कि देश की जनता ने 2024 के चुनाव में भाजपा को वापस लाने का मन बना लिया है.

उन्होंने आगे कहा, 2024 में फिर एक बार भाजपा की प्रचंड विजय तय है, इसी वजह से तमाम विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं. आजकल बार-बार एक शब्द आता है- गारंटी. ये सारे विपक्षी दल, ये लोग गारंटी हैं भ्रष्टाचार की, ये गारंटी हैं लाखों-करोड़ रुपयों के घोटालों की. कुछ दिन पहले इनका एक 'फोटो ऑप' कार्यक्रम हुआ. उस फोटो में जो लोग हैं उन सब का मिल कर टोटल लगाएंगे तो ये सारे मिल कर 20 लाख करोड़ रुपये के घोटाले की गारंटी हैं.

पीएम मोदी ने आगे कहा, कांग्रेस का अकेले ही लाखों करोड़ का घोटाला है. इन पार्टियों के पास घोटालों का ही अनुभव है और इसीलिए इनकी अगर कोई गारंटी है तो वो है- घोटालों की गारंटी. आज मैं भी आपको एक गारंटी देना चाहता हूं- अगर उनकी घोटाले की गारंटी है, तो मोदी की भी एक गारंटी है और यह गारंटी है- हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी. हर चोर-लूटेरे पर कार्रवाई की गारंटी, जिसने गरीब को लूटा है, देश को लूटा है उसका हिसाब तो हो कर ही रहेगा. जब जेल की सलाखें सामने दिख रही हैं तो इनकी ये जुगलबंदी हो रही है.