डॉक्यूमेंट्री फिल्म काली की डायरेक्टर की एक और करतूत सामने आई है. मां काली की सिगरेट पीते हुए जारी किए गए पोस्टर पर अभी तक विवाद थमा भी नहीं कि इसी बीच डॉक्यूमेंट्री की डायरेक्टर लीना मणिमेकलाई ने एक और विवादित पोस्ट कर दी है। ट्विटर पर शेयर की गई उनकी इस पोस्ट में कुछ लोग शिव-पार्वती के गेटअप में सिगरेट पीते हुए नजर आ रहे हैं। लीना ने इस पोस्ट में केवल elsewhere लिखा है जिसका अर्थ है कहीं और। उन्होंने इसमें यह जिक्र नहीं किया है कि ये फोटो उनकी फिल्म से जुड़ा है या किसी और जगह का है। 

इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है. अधिकांश यूजर्स ने लिखा है कि लीना केवल नफरत फैला रही हैं। भाजपा सांसद रवि किशन ने भी इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा- आप मानसिक रूप से बीमार हो चुकी हैं और आपको इलाज की जरूरत है।

लीना के ट्वीट पर आसनसोल से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने भी सख्त टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा- ये बंगाल का एक आर्ट है, जिसे हम बहुरूपी कहते हैं । मगर इसकी तस्वीर शेयर कर आप जिस तरह धार्मिक भावनाएं भड़का रही हैं, वो सही नहीं है।  हमारी सहनशीलता को कमजोरी ना समझो...हमारी धैर्य की परीक्षा ना लें।

लीना मणिमेकलई की डॉक्यूमेंट्री काली में मां काली के पोस्टर को लेकर 2 जुलाई से ही विवाद चल रहा है। लीना ने कनाडा के टोरेंटो में इस डॉक्यूमेंट्री का प्रीमियर किया था जिसके पोस्टर में मां काली बनी एक्ट्रेस को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है।