Prabowo Subianto: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी से की मुलाकात, गणतंत्र दिवस पर होंगे मुख्य अतिथि


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो गुरुवार रात नई दिल्ली पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने उनका स्वागत किया..!!

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ने आज राष्ट्रपति भवन परिसर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को गले भी लगाया। सुबिआंतो 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए भारत आए हैं। 

वह गुरुवार रात नई दिल्ली पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने उनका स्वागत किया। प्रबोवो सुबियांटो गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति हैं। इंडोनेशिया के प्रथम राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के प्रथम गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे।

इंडोनेशिया भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने में रुचि रखता है। ऐसे में राष्ट्रपति सुबियांटो अपनी यात्रा के दौरान ब्रह्मोस मिसाइलों की खरीद पर जरूर चर्चा करेंगे। इंडोनेशिया का 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दस्ता रविवार को गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगा। यह पहली बार होगा जब कोई इंडोनेशियाई दल विदेश में राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लेगा।

पिछले कुछ वर्षों में भारत-इंडोनेशिया संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 2018 में इंडोनेशिया का दौरा किया था, जिसके दौरान भारत-इंडोनेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया गया था। प्रबोवो सुबियांतो ने पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की थी। 

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद सुबियान्टो ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया। इस दौरान दोनों ने भारत-इंडोनेशिया संबंधों को आगे बढ़ाने तथा राजनयिक संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। इसके अलावा दोनों नेताओं की मुलाकात 2024 में ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान भी हुई थी।

2018 में रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर के बाद से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा संबंध भी बढ़ते रहे हैं। 2023 में भारत-इंडोनेशिया व्यापार 29.40 बिलियन अमेरिकी डॉलर दर्ज किया गया। इंडोनेशिया में बुनियादी ढांचे, बिजली, कपड़ा, इस्पात, ऑटोमोटिव, खनन, बैंकिंग और उपभोक्ता वस्तुओं के क्षेत्रों में भारतीय निवेश 1.56 बिलियन अमेरिकी डॉलर का है। इंडोनेशिया में भारतीय मूल के लगभग 150,000 लोग रहते हैं।