कर्नाटक में हुए हिजाब विवाद को अब राजनीति के रंग में रंगा जा रहा है. कई दिग्गज नेता इस मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं. ऐसे में प्रियंका गांधी कैसे पीछे रह सकती हैं ? एक ट्वीट कर प्रियंका गांधी ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है. अब प्रियंका गांधी ने भी कर्नाटक में चल रहे हिजाब विवाद को लेकर ट्वीट किया है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा है कि महिलाओं को अपनी मर्जी से कपड़े पहनने का अधिकार है, जो उन्हें संविधान से मिला है. ट्वीट के अंत में प्रियंका ने अपने कैंपेन का हैशटैग जोड़ा, "मैं लड़की हूं, मैं लड़ सकती हूं".
Whether it is a bikini, a ghoonghat, a pair of jeans or a hijab, it is a woman’s right to decide what she wants to wear.
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 9, 2022
This right is GUARANTEED by the Indian constitution. Stop harassing women. #ladkihoonladsaktihoon
प्रियंका गांधी ने आगे लिखा, 'चाहे बिकिनी हो, बुर्का हो, जींस हो या फिर हिजाब, यह महिला पर निर्भर है कि वह क्या पहनें. यह अधिकार उन्हें भारत के संविधान द्वारा दिया गया है. महिलाओं को प्रताड़ित करना बंद करो. बता दें कि धार्मिक पोशाक पर रोक लगाने के आदेश के बाद कर्नाटक के स्कूल-कॉलेजों में विवाद काफ़ी तेज़ी से बढ़ गया था. कई जिलों में स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों के समूह आपस में भिड़ गए. मुस्लिम छात्र हिजाब पर प्रतिबंध का विरोध कर रहे हैं, जबकि कई हिंदू छात्र नारंगी दस्ताने और दुपट्टा पहनकर कैंपस में नारे लगा रहे हैं. हालात को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने 3 दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए हैं.
कुछ शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब के समर्थन और विरोध में मंगलवार को उडुपी, शिवमोग्गा, बागलकोट और कर्नाटक के अन्य हिस्सों में तनाव बढ़ गया था. इसके बाद पुलिस और प्रशासन को बचाव करना पड़ा. शिवमोग्गा में पथराव के बाद धारा 144 भी लागू कर दी गई.
कर्नाटक हाईकोर्ट में हुई सुनवाई :
इस मामले की सुनवाई कर्नाटक हाई कोर्ट में भी हो रही है. हिजाब पहनने के अपने अधिकार को बहाल करने पर मुस्लिम छात्रों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया. मामले की सुनवाई आज होगी. लेकिन बीजेपी ने छात्रों के वकील पर आपत्ति जताई है. बीजेपी का कहना है कि छात्रों के वकील कांग्रेस के नेता हैं और इससे साबित होता है कि विवाद को भड़काने में कांग्रेस का हाथ है.
यूपी चुनाव में गूंज उठा हिजाब विवाद :
कर्नाटक का हिजाब विवाद यूपी की चुनावी राजनीति में भी प्रवेश कर चुका है. इस मुद्दे पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और बीजेपी आमने-सामने आ गए हैं. हिजाब विवाद को लेकर दिल्ली और मुंबई में भी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. मुंबई में समाजवादी पार्टी मुस्लिम छात्रों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चला रही है.