शिक्षा मंत्री के बयान पर राघव चड्ढा का रिएक्शन, 'पेपर लीक नहीं हुआ तो CBI  जांच और लोगों की गिरफ्तारी क्यों?'


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में सत्ता पक्ष पर हमला बोला, पेपर लीक से लाखों बच्चों का भविष्य अंधकार के कगार पर: राघव चड्ढा..!!

संसद का मानसून सत्र सोमवार 22 जुलाई से शुरू हो गया। नीट पेपर लीक मामले पर विपक्ष ने दोनों सदनों में हंगामा किया। जब आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में सत्ता पक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण लाखों बच्चों का भविष्य अंधकार के कगार पर है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पेपर लीक मामले से ध्यान भटकाकर लाखों छात्रों को गुमराह कर रहे हैं।

राघव ने कहा कि पेपर लीक किसी व्यक्ति का मनोबल नहीं तोड़ता, बल्कि उसके शरीर और मन को तोड़ देता है। पेपर लीक को लेकर पूरा विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है, लेकिन वह बेतुके बयानों से पूरे मामले पर पर्दा डाल रही है। पिछले 10 वर्षों में केंद्रीय और राज्य स्तरीय परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर पेपर लीक हुए हैं, जिससे मेहनती छात्रों को नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का यह बयान कि पेपर लीक नहीं हुआ, वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण बयान है। आज लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर है। पेपर लीक होने से छात्र काफी परेशान हैं। अगर पेपर लीक नहीं हुआ है तो फिर सीबीआई किस बात की जांच कर रही है और लोगों को गिरफ्तार क्यों कर रही है? सुप्रीम कोर्ट किस मुद्दे पर संज्ञान ले रहा है और केंद्र सरकार से सवाल पूछ रहा है? आज देश के शिक्षा मंत्री का यह बयान सुनकर छात्रों को दुख हुआ होगा, हम इस बयान की निंदा करते हैं।